शिक्षकों के खिलाफ मध्यप्रदेश सरकार के कड़े रवैये से आजिज आकर एक शिक्षक ने खुदकुशी कर ली। शिक्षक का मकसद सरकार को सबक सिखाना था। टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के अनुसार मृतक शिक्षक चंदूलाल ओसारी धार जिले के बंदवार क्षेत्र के तिखी गांव में तैनात था। सरकार के रवैये से क्षुब्ध होकर उसने स्कूल परिसर में ही जहर खा लिया।
बंदवार थानाध्यक्ष सुनील गुप्ता ने बताया कि जब हम स्कूल में पहुंचे वह उल्टियां कर रहा था। उसे तुरंत सिविल अस्पताल ले जाया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे रतलाम के जिला अस्पताल भेज दिया गया। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। गुप्ता ने बताया कि उसका शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
मृतक शिक्षक ने मौत से पहले सुसाइड नोट छोड़ा था, हालांकि उसमें लिखी लिखाई पूरी तरह साफ नहीं थी। थानाध्यक्ष के अनुसार एक बार हमें एक बार पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिल जाए उसके बाद इस संबंध में जांच शुरू की जाएगी।