शिवपुरी की कोलारस पुलिस ने एक अंधेकत्ल का पर्दाफाश किया है।
- फोटो : अमर उजाला
पेड़ से लटकी मिली लाश के मामले में कोलारस पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। दो दोस्तों ने मिलकर युवक की हत्या की थी। इन्होंने इसलिए हत्या कर दी थी कि दोस्त ने इन दोनों की चोरी का खुलासा अपने मालिक दुकानदार से कर दिया था।
कोलारस पुलिस ने बताया कि 26 अप्रैल को भडौता चक के रहने वाले रामप्रसाद पाल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि मेरा पुत्र हरभजन खरई वाले के यहां किराने की दुकान पर कोलारस में काम करता था जो लौटकर नहीं आया। सुबह पता चला कि हरभजन की लाश भडौता चक रोड पर खन्ती में लटके पेड़ की डाल से फांसी पर लटकी है। पुलिस ने रिपोर्ट पर से मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने खरई के एक किराने की दुकान पर पूर्व में मृतक के साथ काम करने वाले कर्मचारियों से पूछताछ की। पुलिस को उनमें से दो कर्मचारियों पर शक हुआ, सख्ती से पूछताछ की दोनों ने जुर्म कबूल कर लिया। उन्होंने बताया कि हम दोनों खरई वाले के यहां किराने की दुकान पर कोलारस में काम करते थे। हम दोनों के साथ में हरभजन पाल भी काम करता था। जिसने हम दोनों की दुकान में चोरी करने की शिकायत दुकान मालिक से कर दी थी, जिससे दुकान मालिक ने हम दोनों को काम से हटा दिया था जिससे हमें कहीं काम नहीं मिल रहा था। इसलिए हरभजन को ठिकाने लगाने की योजना बनाई।
25 अप्रैल को दोनों आरोपियों को भडौता रास्ते पर हरभजन पाल अपनी साइकल से घर जाते दिख गया। दोनों ने उसे रोककर बातों में उलझा लिया, फिर शराब पिलाई। उसकी साइकल वहीं रखवा दी और एक लड़की से मिलवाने का लालच देकर उसे बाइक पर बिठाकर ले गए। रास्ते में गले में रस्सी का फंदा डालकर उसे पेड़ से लटका दिया। इससे उसकी मौत हो गई। बाद में दोनों आरोपी हरभजन का मोबाइल निकाल कर एक कुएं में फेंक दिया। जिसे निशानदेही पर बरामद कर लिया गया है।