शहडोल जिले के बुढार में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसका साला गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा उस समय हुआ जब दोनों खेत में स्थित बोरवेल पर नहाने गए थे। इसी दौरान तेज गरज-चमक और बारिश के बीच बिजली गिरी, जिसकी चपेट में आकर जीजा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि साला गंभीर रूप से झुलस गया। परिजनों ने घायल को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया। यह घटना बुढार के जेल बिल्डिंग के पास घटी।
पुलिस के अनुसार, इमली टोला निवासी राजू प्रसाद केवट (45), जो राजमिस्त्री का कार्य करते थे, अपने साले डीओ केवट के साथ जेल बिल्डिंग के समीप खेत में नहाने गए थे। नहाते समय अचानक तेज हवा और बारिश शुरू हो गई। दोनों बचने के लिए एक पेड़ के नीचे छिप गए, तभी आकाशीय बिजली उसी पेड़ पर गिर पड़ी। इसकी चपेट में आने से राजू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि डीओ गंभीर रूप से घायल हो गया।
ये भी पढ़ें:
आंतें बाहर आईं, बच्चेदानी फटी, रातभर दरिंदगी के बाद महिला को घर लाए परिजन, पर नहीं बुलाई पुलिस; पूरी कहानी
परिवार को घटना की जानकारी तब लगी जब काफी देर तक दोनों वापस नहीं लौटे। इसके बाद राजू का पुत्र उन्हें खोजते हुए खेत पहुंचा और हादसे का पता चला। उसने आसपास के लोगों को बुलाया और घायल को तत्काल बुढार अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।
ये भी पढ़ें:
सड़क पर संबंध, जेल में नेताजी, ब्लैकमेल-वायरल वीडियो से लेकर गिरफ्तारी तक की कहानी; वो आठ मिनट पड़े भारी
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। बुढार थाना प्रभारी संजय जायसवाल ने बताया कि मंगलवार सुबह राजू का शव पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल लाया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है।