सिद्धेश्वर महादेव मंदिर समिति के तत्वाधान में पालकी यात्रा निकाली गई।
- फोटो : अमर उजाला
मध्य प्रदेश के उज्जैन में बाबा महाकाल की सवारी की तर्ज पर सीहोर में भी भगवान शिव की पालकी यात्रा निकाली गई। सिद्धेश्वर महादेव मंदिर समिति के तत्वाधान में निकली पालकी यात्रा में बड़ी संख्या में भक्त शामिल हुए। उज्जैन से आई टीम ने महाकाल की महा आरती के साथ शहर के कोतवाली चौराहे से पालकी यात्रा का शुभारंभ किया।
बता दें कि सीहोर में सावन सोमवार को बीते कई वर्षों से पालकी यात्रा निकाली जा रही है। महाकाल की सवारी से प्रेरणा लेकर शहर में आयोजन किया जाता है। पालकी यात्रा का शहरभर में स्वागत किया जाता है। भोले बाबा की पालकी यात्रा दोपहर तीन बजे कोतवाली चौराहा से शुरू होकर नमक चौराहा, चरखा लाइन, बड़ा बाजार होते हुए तहसील चौराहे स्थित मनकेश्वर महादेव मंदिर पहुंची जहां पर भगवान महाकाल का विशेष अनुष्ठान के बाद बाबा सिद्ध महादेव मंदिर में समापन किया।
पालकी यात्रा समिति के अध्यक्ष युवा समाजसेवी राजकुमार जायसवाल, संस्थापक किशोर कौशल, शहर के वरिष्ठ समाजसेवी अखिलेश राय, विधायक सुदेश राय, पूर्व कलेक्टर कविन्द्र कियावत, भाजपा नेता सीताराम यादव, प्रिंस राठौर, नरेश मेवाड़ा, शंकर प्रजापति, अनिल राय, दिग्विजय मोनू, आनंद राजपूत, हरीश अग्रवाल आदि शामिल थे।