सतना में उपार्जन केंद्र में भरा पानी।
- फोटो : अमर उजाला
सतना जिले में सोमवार शाम को कई इलाकों में अचानक बेमौसम बारिश के साथ ही ओलावृष्टि हुई। बेमौसम बारिश की वजह से किसानों को नुकसान हुआ है। तेज आंधी और बारिश की वजह से कई जगह फसलें उड़ गई तो कई जगह फसलें भीग गईं। वहीं, बारिश की वजह से उपार्जन केंद्र में भी पानी भर गया और खुले में रखी फसलें भीग गईं।
जिला मुख्यालय समेत कई ग्रामीण क्षेत्रों में कुछ समय के लिए बारिश हुई। बारिश की वजह से जहां लोगों को गर्मी से निजात मिला को वहीं किसानों को बेमौसम की बारिश का खामियाजा भुगतना पड़ा। ग्रामीण क्षेत्रों में कई जगह चने और बेर के आकार के ओले गिरने की भी जानकारी सामने आई है।
वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में वर्तमान में कई किसानों की फसलों की कटाई अंतिम दौर में है। साथ ही काफी किसानों की फसलें अभी गहाई के लिए खलिहान में रखी हुई हैं। तेज आंधी से खेत एवं खलिहान में रखी फसलें भी उड़ गईं, जिससे किसानों को भारी क्षति पहुंची है। बेमौसम बारिश होने के बाद फसलों के भीग जाने से गहाई का काम कई दिनों के लिए टल गया है। तेज हवा चलने के कारण कच्चे मकानों के खपरैल को भी क्षति होने की खबरें हैं। साथ ही कई स्थानों में टीनशेड भी उड़ गए।