खुरई नगर पालिका के स्टाफ ने गोशाला के लिए एक लाख रुपये जुटाए हैं।
- फोटो : अमर उजाला
सागर जिले की खुरई नगर पालिका अधिकारियों और कर्मचारियों ने अनूठी मिसाल पेश की है। उन्होंने अपनी स्वेच्छा से वेतन से राशि देकर एक लाख रुपये जुटाए हैं। यह राशि हनौता गोशाला में गायों के लिए भूसा खरीदने में इस्तेमाल होगी।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गेश सिंह और नोडल अधिकारी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि गौवंश के प्रति संवेदनाएं रखना हम सबका मानवीय कर्तव्य है। खुरई नगर के गणमान्य नागरिकों ने अपने-अपने स्तर से निरंतर सहयोग हनौता गोशाला को प्राप्त होता है। इसी क्रम में हमारे अधिकारियों/कर्मचारियों ने भी गोवंश के प्रति प्रेम रखते हुए सहयोग करने का निर्णय लिया। पहल करते ही साथियों ने आगे आकर खुद की इच्छा से इस विशेष कार्य हेतु राशि अनुदान की है। एक लाख रुपये की राशि प्राप्त हुई है। इससे हम आगामी दिनों के लिए भूसा और चारा खरीदेंगे। अभी आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भूसा खुरई आ रहा है, इसलिए हम जितना हो सकेगा उतना संग्रहण करेंगे। हमारा प्रयास है कि यह प्रक्रिया निरंतर बिना किसी अवरोध चलती रहे।