सागर की 10वीं बटालियन में पदस्थ सशस्त्र पुलिस बल (SF) के एक जवान द्वारा घर में फांसी लगाकर आत्महत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक का शव शनिवार शाम जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मृतक के पिता ने भोपाल की एक युवती पर गंभीर आरोप लगाते हुए मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।
घर में फंदे से लटका मिला शव
जानकारी के अनुसार, सुरखी थाना अंतर्गत रैपुरा निवासी महेंद्र कुमार अहिरवार (SF जवान) पिछले कुछ समय से एफएसएल (FSL) सागर में अटैच था। शनिवार शाम करीब 6 बजे महेंद्र का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिला। आनन-फानन में परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। महेंद्र की नौकरी 8 साल पहले लगी थी, जबकि उसका छोटा भाई सचिन भारतीय सेना में देश की सेवा कर रहा है। मृतक के दो मासूम बच्चे (4 वर्ष और 1 वर्ष) हैं।
पढ़ें: छतरपुर में अधिवक्ता संघ चुनाव परिणाम घोषित, 323 वोट के साथ शिवप्रताप सिंह अध्यक्ष बने
मोबाइल खोल सकता है मौत का राज
मृतक के पिता भैयालाल अहिरवार ने बेटे की मौत को संदिग्ध बताते हुए भोपाल की एक युवती पर शक जताया है। पिता का आरोप है कि उक्त महिला की वजह से उनका बेटा मानसिक तनाव में था। परिजनों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि महेंद्र के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल और चैट को खंगाला जाए, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि उसे आत्महत्या के लिए किसने उकसाया।
पुलिस की कार्रवाई जारी
सुरखी पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम रविवार को कराया गया है। इस मामले में सुरखी पुलिस का कहना है कि मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। परिजनों के बयानों और मोबाइल रिकॉर्ड के आधार पर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।