रीवा के सैनिक स्कूल में एक छात्र रहस्यमयी ढंग से लापता हो गया। जब छात्र की खोजबीन की गई तो वह नहीं मिला, जिसके बाद सैनिक स्कूल प्रबंधन ने लापता छात्र के परिजनों को इसकी जानकारी दी। देर रात छात्र के परिजन सैनिक स्कूल पहुंचे, जिसके बाद एक बार फिर से छात्र की काफी खोजबीन की गई, फिर भी उसका कोई पता नहीं चल पाया। वहीं, परिजनोंं ने सैनिक स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं।
क्या था मामला
दरअसल, जिले के जवा थाना क्षेत्र निवासी दिनेश सिंह का पुत्र रोहित सिंह रीवा के सैनिक स्कूल में 10वीं कक्षा में अध्यनरत है। रोहित सिंह पिछले दो माह से छुट्टी पर था, बीते सोमवार की दोपहर छात्र के पिता उसे सैनिक स्कूल में छोड़कर आए थे। स्कूल में छोड़ने के दौरान उन्होंने गेट पर बैठे सुरक्षा कर्मियो के रजिस्टर पर इंट्री कराई थी और वापस अपने घर लौट आए थे। सोमवार की ही रात तकरीबन 9 बजे सैनिक स्कूल के प्रबंधन ने छात्र के पिता दिनेश सिंह के मोबाइल पर फोन किया और छात्र के लापता होने की जानकारी दी।
खबर सुनकर परिजनों के उड़े होश
इधर, सैनिक स्कूल से बेटे के लापता होने की खबर सुनकर परिजनों के होश उड़ गए। कुछ देर बाद छात्र के पिता ने दोबारा स्कूल प्रबंधन को फोन किया और अपने बेटे रोहित के बारे में जानकारी मांगी। इस दौरान प्रबंधन ने कहा की छात्र की काफी खोजबीन की गई लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा है। प्रबंधन ने कहा की हम एक बार फिर स्कूल कैंपस में छात्र की खोजबीन करते है, आप लोग परेशान मत हो। काफी समय बीत जाने के बाद एक बार फिर छात्र के पिता ने सैनिक स्कूल के प्रबंधन को फोन किया और छात्र की जानकारी मांगी, लेकिन प्रबंधन के पास कोई जवाब नहीं था।
परिजन और स्कूल प्रबंधन ने दर्ज कराई थाने में शिकायत
लापता हुए छात्र के परिजन देर रात सैनिक स्कूल पहुंचे और स्कूल प्रबंधन के साथ मिलकर छात्र की काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद मंगलवार की सुबह छात्र के परिजन सैनिक स्कूल प्रबंधन के साथ विश्वविद्यालय थाना पहुंचे और पुलिस को छात्र के रहस्यमयी ढंग से लापता होने की जानकारी दी। पुलिस ने प्रकरण पंजीबद्ध कर लापता छात्र की तलाश शुरु कर दी।
परिजनों ने लगाए स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप
मामले पर लापता हुए छात्र के परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि छात्र के पिता उसे स्कूल में छोड़कर आए थे। उन्होंने बकायदा उसकी रजिस्टर में इंट्री करवाई थी, इसके बाद उसकी जवाबदारी स्कूल प्रबंधन की थी, लेकिन देर रात प्रबंधन का फोन आता है और यह कहा जाता है कि छात्र लापता हो गया। इसकी जवाबदारी सैनिक स्कूल के प्रिंसिपल और वहां के मैनेजमेंट की है। वहीं परिजनो ने जिम्मेदारों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग है।
पुलिस ने शुरू की छात्र की तलाश
मामले पर एडिशनल एसपी अनिल सोनकर का कहना है की जवा के रहने वाले दिनेश सिंह का बच्चा रोहित सिंह 10वीं कक्षा में सैनिक स्कूल में पढ़ाई करता है। नवंबर माह से छात्र रोहित सिंह अवकाश पर था, बीते कल छात्र के पिता सैनिक स्कूल आए थे और दोपहर में वह छात्र को स्कूल कैंपस में छोड़कर गए थे और वहां से वापस लौट आए थे। स्कूल में रात 9 बजे छात्रों के गणना होती है गणना के दौरान ही छात्र के लापता होने की जानकारी प्राप्त हुई। फिलहाल शिकायत मिलने पर पुलिस ने 363 का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।