राजगढ़ जिला अस्पताल में नर्सिंग स्टाफ का दरवाजा खटखटाते मरीज के परिजन।
- फोटो : Amar Ujala Digital
मध्य प्रदेश में बदहाल चिकित्सा व्यवस्था को बयां करता एक वीडियो सामने आया है। राजगढ़ के जिला अस्पताल में परिजन दरवाजा खटखटाते रहे और नर्स अंदर सोती रही। जब उन्हें जगाया तो नर्सिंग स्टाफ वीडियो बनाने वाले पर ही भड़क गया। पुलिस को बुलाने तक की धमकी दे दी। मामला शनिवार तड़के का है।
जिला अस्पताल में भर्ती मरीज के परिजन ड्रिप बदलवाने के लिए नर्सिंग स्टाफ का दरवाजा खटखटाते नजर आ रहे हैं। उस समय नर्सिंग स्टाफ सोया हुआ था। इस घटनाक्रम को कैमरे में कैद करने की कोशिश की गई तो स्टाफ भड़क गया। कैमरा नीचे करने को कहा गया। ऐसा न करने पर पुलिस को बुलाने की धमकी तक दे डाली।
वायरल वीडियो को लेकर जिला अस्पताल के सिविल सर्जन नितिन पटेल का कहना है कि उस समय एक नर्स तो जाग रही थी। उसने मरीज़ के परिजनों से बात नहीं की। हम इस मामले के CCTV फुटेज दिखवा रहे हैं। उनके जवाब का इंतजार कर रहे हैं। उनका जवाब आने पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।