सूद के जाल में फंसा किसान, मौत को गले लगाया
- फोटो : अमर उजाला
जिले के अमानगंज थाना क्षेत्र के मजगांव शेख गांव से एक झकझोर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक किसान ने सूदखोरी और लगातार प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान कल्याण सिंह के रूप में हुई है, जिसने कथित रूप से जहर का सेवन कर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
जानकारी के मुताबिक कल्याण सिंह ने कुछ समय पहले अपनी जरूरतों के लिए एक सूदखोर से मात्र 5 हजार रुपये उधार लिए थे लेकिन यह छोटा सा कर्ज धीरे-धीरे उसके लिए जानलेवा बन गया। आरोप है कि सूदखोर ने इस रकम के बदले किसान से करीब एक लाख रुपये की मांग शुरू कर दी थी।
ये भी पढ़ें: Khandwa News: गोवंश तस्करी का भंडाफोड़, बाइक से रैकी कर महाराष्ट्र ले जा रहे थे मवेशी, चार आरोपी गिरफ्तार
परिजनों के अनुसार जब कल्याण सिंह ने इतनी बड़ी रकम देने में असमर्थता जताई तो सूदखोर द्वारा लगातार मानसिक दबाव बनाया जाने लगा और धमकियां दी जाती रहीं। इस प्रताड़ना के चलते वह गहरे तनाव में आ गया। आखिरकार इसी दबाव से परेशान होकर उसने जहरीला पदार्थ पी लिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और उन्होंने प्रशासन से न्याय की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते सूदखोर के खिलाफ कार्रवाई होती, तो कल्याण सिंह की जान बचाई जा सकती थी।
सूचना मिलते ही अमानगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इस घटना ने एक बार फिर ग्रामीण इलाकों में फैले सूदखोरी के जाल और उससे होने वाले शोषण को उजागर कर दिया है, जो गरीब किसानों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है।