पूर्व मंत्री के बेटे ने इंदौर के कारोबारी को रौंदने की कोशिश की।
- फोटो : सोशल मीडिया
भोपाल-इंदौर हाईवे पर आष्टा के पास इंदौर के कारोबारी की कार को टक्कर मारने और मारपीट करने का मामला सामने आया है। इसमें पूर्व मंत्री और शाजापुर से कांग्रेस विधायक हुकुम सिंह कराड़ा के बेटे का नाम लिया जा रहा है। पुलिस ने कार नंबर के आधार पर गाड़ी चालक पर केस दर्ज किया है। किसी नाम का खुलासा नहीं किया है।
जानकारी के अनुसार घटना से जुड़ा एक वीडियो जमकर वायरल हो रहा है। मामला शनिवार रात करीब 11 बजे का है। इंदौर के रेडीमेड और ड्रायफ्रूट कारोबारी दिनेश आहूजा ने बताया कि मैं मेरे दो दोस्तों के साथ भोपाल से इंदौर की ओर अपनी कार (MP09CN9302) जा रहा था। आष्टा के पास मेरी गाड़ी को पीछे से एक कार (MP04EB9258) ने टक्कर मार दी। मैंने जब इसका विरोध करते हुए सही से गाड़ी चलाने का कहा तो कार में बैठे शख्स ने अपने साथियों सहित हम पर हमला कर दिया। हमें पीटने लगे। जब हमने पुलिस में जाने की बात कही तो उसने मेरी गाड़ी को टक्कर मारते हुए घसीटने लगा। मैंने हैंडब्रेक से गाड़ी रोकी।
आहूजा ने बताया कि हम जान बचाने के लिए पास के खेत में लेट गए। जब हमलावर चले गए तो हम पास ही स्थित भाड़ाखेड़ी पुलिस चौकी पहुंचे। परिवहन विभाग की वेबसाइट पर कार मालिक का नाम रोहिताप सिंह पिता हुकुम सिंह कराड़ा बता रहा है। पुलिस ने कार जब्त कर ली है। और अज्ञात चालक पर केस दर्ज कर लिया है।
घटना से जुड़ा वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें मंत्री पुत्र कार में शराब के नशे में धुत नजर आ रहे हैं। साथ ही कार में शराब गिलास में रखी हुई है। वहीं मामले में एसपी मयंक अवस्थी का कहना है कि आवेदक दिनेश आहूजा द्वारा थाने में शिकायत की है। रात साढ़े 10 बजे आर्टिका भोपाल से इंदौर की ओर आ रही थी, भानाखेड़ी जोड़ के पास एक सड़क हादसा हुआ जिसमें 100 डायल को सूचना मिली थी। आवेदक की शिकायत पर धारा 279, 294,352,184 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। गाड़ी एमपी 04 ईवी 9258 के चलाक द्वारा गाड़ी को खड़ा करा लिया गया है कार्रवाई की जा रही है।
भाजपा ने साधा निशाना
पूर्व मंत्री हुकुम सिंह कराड़ा के बेटे की गुंडागर्दी पर बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने भी बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि गंभीरता का विषय है, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री बेटे ने जिस प्रकार का गुंडिज्म किया है। लोगों पर आक्रमण किया है। शराब के नशे में जिस प्रकार का वीडियो वायरल हुआ है। मैं प्रशासन से मांग करता हूं इनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई हो। तत्काल एफआईआर दर्ज होकर गिरफ्तारी हो। मध्य प्रदेश के अंदर इस तरह का गुंडिज्म नहीं चलेगा... ऐसे लोगो के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।