मध्य प्रदेश के भोपाल में शनिवार दोपहर लोगों के एक समूह ने एक लड़की को अपना बुर्का उतारने और चेहरा दिखाने के लिए मजबूर किया। पुलिस ने कहा कि इन लोगों को संदेह था कि जिस व्यक्ति के स्कूटर पर वह पीछे बैठी थी, वह हिंदू था। इस घटना का एक वीडियो जल्द ही वायरल हो गया।
इस्लाम नगर में हुई घटना के संबंध में कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है। लेकिन दो लोगों के खिलाफ आईपीसी की धारा 151 के तहत कार्रवाई की गई है। वीडियो में एक युवक को लड़की से यह कहते हुए सुना जा सकता है कि उसका ये काम उसके समुदाय को अपमानित कर रहा है। जबकि कुछ महिलाओं को उसे अपना चेहरा दिखाने के लिए मजबूर करने की कोशिश की।
इंतखेड़ी थाना प्रभारी आरएस वर्मा ने पीटीआई को बताया कि दोपहर में एक युवक और लड़की इस्लाम नगर पहुंचे। कुछ लोगों ने उन्हें रोका और लड़की से बुर्का उतारने और अपना चेहरा दिखाने को कहा। इन लोगों का मानना था कि वह लड़ा हिंदू था और लड़की मुस्लिम थी।
उन्होंने कहा कि इस संबंध में कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है, लेकिन वीडियो में देखे गए दो लोगों के खिलाफ आईपीसी की धारा 151 के तहत कार्रवाई की गई। इन्हें इस तरह की हरकत को न दोहराने की चेतावनी के साथ छोड़ दिया गया।