नरेंद्र मोदी आजकल राहुल गांधी पर हमला करने का कोई मौका नहीं छो़ड़ रहे हैं। इस बार उन्होंने राहुल गांधी को काटने वाले मच्छरों को बधाई दे डाली।
सागर की एक रैली में नरेंद्र मोदी ने बुंदेलखंड के मच्छरों को इस बात की बधाई दी कि कम से कम उन्होंने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को काटने का साहस दिखाया।
उन्होंने कहा, मैं उन मच्छरों को बधाई देना चाहता हूं, जिन्होंने शहजादे को काटने का साहस दिखाया। क्योंकि पिछले एक सौ साल से कोई भी उनके परिवार को छूने का साहस नहीं कर पाया है। न सिर्फ छूने बल्कि कोई उनके खिलाफ एक शब्द तक नहीं बोल पाया है। अगर इस परिवार के खिलाफ कोई कुछ बोलता नजर आता था तो कांग्रेस के समर्थक उसे सबक सिखा देते थे।
गौरतलब है कि पिछले महीने राहुल ने एक सार्वजनिक सभा में कहा था कि जब 2009 में उन्होंने बुंदेलखंड का दौरा किया था तो वहां के मच्छरों ने उन्हें खूब काटा था।
सागर की रैली में मोदी ने कहा कि वह विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ना चाहते हैं लेकिन कांग्रेस हमेशा इससे बचती रही है। कांग्रेस की दिलचस्पी सिर्फ वोट बैंक बढ़ाने में है।