गणपति विसर्जन के दौरान नाव पलटने से बड़ा हादसा हो गया है
- फोटो : PTI
मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र में अनंत चतुर्दशी के पावन पर्व पर कई परिवारों में खुशियां थोड़ी सी ही देर में मातम में तब्दील हो गई । इन राज्यों में अलग अलग घटनाओ में गणेश प्रतिमा विसर्जन के समय कम से कम 29 लोगों की डूबने से मौत हो गई। इनमें महाराष्ट्र में 18 लोग तो मध्य प्रदेश में 11 लोगों ने जरा सी लापरवाही से जीवन गंवा दिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि विसर्जन के दौरान अमरावती में चार, रत्नागिरी जिले में तीन, नासिक, सिंधुदुर्ग, सतारा जिलों में दो-दो और धुले, बुलढाणा, ठाणे, अकोला और भंडारा जिलों में एक-एक व्यक्ति की डूबने से मौत हो गई।
मध्यप्रदेश में 11 की मौत
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में गणपति विसर्जन के दौरान खटलापुरा इलाके में एक झील में दो नावों के पलटने से 11 लोगों की मौत हो गई। प्रशासन के अनसुार दो नावों में कुल 17 लोग इस विसर्जन के लिए झील में साढ़े चार बजे गए थे। विसर्जन के समय एक नाव में पलट गई और चीखपुकार मच गई। इसे देख कर दूसरी नाव में सवार लोग उन्हें बचाने की कोशिश करने लगे लेकिन खुद उनकी नाव भी पलट गई और दूसरी नाव में सवार लोग झील में गिर गए। बताया जा रहा है कि गणेश प्रतिमा बहुत भारी थी और उसका संतुलन नहीं बन पा रहा था। मुख्यमंत्री कमलनाथ ने हरएक व्यक्ति के निकटतम परिजन को 11 लाख रुपये का मुआवजा देने का एलान किया है। पुलिस ने नाविकों आकाश बाथम और चंगु बाथम के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
मोदी ने जताया शोक
पीएम मोदी ने भोपाल में हुई मौतों को लेकर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में वे शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। उन्होंने एक ट्वीट में अपना शोक संदेश दिया।
मृतकों में 15 साल का परवेज खान भी
भोपाल में खटलापुरा घाट पर गणेश विसर्जन में काल का ग्रास बनने वालों में 15 साल के परवेज खान का नाम भी शामिल है। परवेज का परिवार भी उसी पिपलानी बस्ती में रहता है जहां से गणपति को विसर्जन को ले जाया गया था।