स्वास्थ्य मंत्री तुलसीराम सिलावट (फाइल)
- फोटो : सोशल मीडिया
मध्यप्रदेश के इंदौर जिले में हादसे में घायल होने के बाद सड़क पर बेसुध पड़े 29 वर्षीय शख्स की जान बचाने के लिए सूबे के स्वास्थ्य मंत्री तुलसीराम सिलावट ने शुक्रवार को अपना काफिला रुकवाया और उसे अस्पताल पहुंचाया।
इस वाकये का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि भारी बारिश के बीच इंदौर-सांवेर रोड पर एक घायल व्यक्ति बेसुध पड़ा था। दुर्घटना की शिकार उसकी मोटरसाइकिल भी पास ही पड़ी थी।
उन्होंने बताया कि सिलावट का काफिला जब इस सड़क से गुजरा, तो उनकी नजर घायल व्यक्ति पर पड़ी। स्वास्थ्य मंत्री ने गाड़ी रुकवायी और नीचे उतरकर अपने मातहतों को निर्देश दिए कि घायल को फौरन अस्पताल में भर्ती कराया जाये।
अधिकारियों ने बताया कि घायल की पहचान विनोद राव (29) के रूप में हुई है। नजदीक के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराये गये शख्स की हालत इलाज के बाद खतरे से बाहर बताई जा रही है।