सीधी में बिना दहेज की शादी मात्र 17 मिनट में हो गई।
- फोटो : सोशल मीडिया
ग्राम बंदैला तहसील बहरी का युवक दीपक पंचराज प्रजापति ने ग्राम कोटहा तहसील गोपद बनास की प्रियंका गणेश प्रजापति से 2 मई को शादी रचाई है। ये शादी संत रामपाल महाराज के निर्देशन में उनके शिष्यों द्वारा संपन्न कराई गई है। शादी में ख़ास बात यह थी कि शादी गुरुवाणी रामायणी पढ़कर 17 मिनट में करा दी गई। संत रामपाल महाराज के शिष्य बब्लेश गुप्ता व सत्यलाल प्रजापति ने बताया कि इस शादी में ना कोई पारंपरिक रीति रिवाज, न बैंड-बाजा, न डीजे, न टेंट, न कोई बाहरी आडंबर, न कोई बराती व पूर्ण दहेज मुक्त शादी संपन्न कराई गई है। शास्त्रों के अनुसार सभी देवी देवताओं को साक्षी मानकर आव्हान किया गया फिर शादी कराई गई है।
यह शादी में एक और खास बात यह थी कि इसमें दहेज नहीं लिया गया है। इसे पूरी तरह से दहेज का बहिष्कृत माना गया है। दहेज समाज के लिए एक अभिशाप है जिसके लिए संत रामपाल के सदस्यों ने यह अनोखी शादी रचा कर एक सीधी जिले में मिसाल पेश की है। परिजनों ने बताया कि दोनों पक्ष संत रामपाल के अनुयायी हैं। गुरु का संदेश है कि शादियों में फिजूल खर्ची रुकना चाहिए, इसलिए इस तरीके से शादी करवाई गई है। शादी के दौरान एक तरफ संत रामपाल के प्रवचन चलते रहे तो दूसरी तरफ शादी की रस्में निभाई गईं।