एटीएम तोड़ने, उखाड़ने व विस्फोटक से उड़ाकर लाखों रुपये ले भागने की खबरें तो अक्सर आती हैं, लेकिन मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले में बदमाश इसमें कामयाब नहीं हो सके। बदमाशों ने शक्तिशाली विस्फोटक से एटीएम उड़ा दिया। वह पूरी तरह नष्ट भी हो गया और उसमें रखे करीब सात लाख रुपये भी बिखर गए, लेकिन बदमाश उन्हें लेकर भागने में विफल रहे।
एसडीओपी जीडी शर्मा ने बताया कि घटना बुधवार तड़के तीन बजे शिवपुरी जिले के करैरा कस्बे में हुई। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि उससे एटीएम पूरी तरह नष्ट हो गया। धमाके की जोरदार आवाज से आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए और मौके पर पहुंच गए। इस कारण बदमाशों को एटीएम में रखे लाखों रुपये वहीं छोड़कर भागना पड़ा।
एसडीओपी ने बताया कि पुलिस की एक टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस के पहुंचने तक नोट वहीं बिखरे पड़े रहे। मौके पर पहुंचे जवानों ने 6.72 लाख रुपये के नोट वहां से एकत्रित किए।
एटीएम में हुआ धमाका इतना जोरदार था कि पास ही लगा एटीएम भी जल गया। इससे इलाके की बिजली गुल हो गई। फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू की। यह पता लगाया जा रहा है कि धमाके में इस्तेमाल विस्फोटक कहां से लाया गया था।
पुलिस एटीएम में पैसा भरने वाली कंपनी से पता लगा रही है कि इस एटीएम में धमाके से पहले कितना पैसा रखा गया था। बदमाशों का पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज की मदद ली जा रही है।