मध्य प्रदेश का 66वाँ स्थापना दिवस।
- फोटो : Social Media
मध्यप्रदेश का 66वाँ स्थापना दिवस 'मध्यप्रदेश उत्सव' एक नवंबर को "आत्म-निर्भर मध्यप्रदेश" की थीम पर मनाया जा रहा है। राज्य स्तर पर ‘मध्यप्रदेश उत्सव’ का आयोजन लाल परेड ग्राउंड में शाम 6:30 बजे होगा। उत्सव का मुख्य आकर्षण पार्श्व गायक मोहित चौहान की संगीतमय प्रस्तुति होगी। "आत्म-निर्भर मध्यप्रदेश" की थीम पर दिल्ली की प्रसिद्ध कोरियोग्राफर मैत्री पहाड़ी के निर्देशन में 275 साथी कलाकारों की प्रस्तुति होगी। करीब 45 से 50 मिनट की अवधि के नृत्य-नाटक को साउंड-लाइटिंग माध्यमों से प्रस्तुत किया जाएगा।
कार्यक्रम का प्रसारण सीएम मध्यप्रदेश, जनसंपर्क एमपी और संस्कृति विभाग के फेसबुक, ट्विटर सहित डीडी एमपी चैनल पर किया जाएगा। उप निर्वाचन वाले जिलों को छोड़कर सभी जिला मुख्यालयों पर समारोह आयोजित किया जाएगा। मुख्य रूप से "आत्म-निर्भर मध्यप्रदेश के लिए जन-भागीदारी अभियान" पर केंद्रित गायन, वादन, नृत्य, वाद-विवाद प्रतियोगिता, मैराथन दौड़, रैली, प्रभात फेरी आदि किए जाएंगे। प्रमुख शासकीय भवनों और ऐतिहासिक इमारतों पर एक नवंबर की रात्रि को प्रकाश की व्यवस्था की जाएगी।
राष्ट्रपति कोविंद ने दी स्थापना दिवस पर शुभकामनाएं
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्यप्रदेश के स्थापना दिवस पर शुभकामनाएं दी हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट कर कहा है कि "मेरी कामना है कि प्राकृतिक संसाधनों और कला संस्कृति से समृद्ध यह प्रदेश यूं ही निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर हो”। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा है कि जनता का कल्याण और मध्यप्रदेश का नव-निर्माण ही हमारी प्राथमिकता है।