मध्यप्रदेश के चुनावी रण में भाजपा और कांग्रेस के बीच हमलों का दौर और तेज हो गया है। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ ने मुख्यमंत्री शिवराज चौहान से 40 दिन में 40 सवाल पूछने का सिलसिला शुरू किया है। वह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्विटर पर सीएम से सवालों की बौछार कर रहे हैं।
ट्विटर पर अपने पोस्ट के जरिए कमलनाथ ने 40 दिन में 40 सवाल पूछना शुरू कर दिया है। साथ ही उन्होंने मोदी सरकार को भी निशाने पर लिया है। अपने आंकड़ों के लिए उन्होंंने सरकारी संस्थान का हवाला दिया है।
कमलनाथ की ओर से पूछे गए सवाल ये हैं-
1) मप्र में पिछले 2 सालों में (2016-2017) एक्यूट रेस्पिरेटरी इंफेक्शन से 35 लाख 81 हजार 936 लोग पीड़ित हुए।
2) पिछले 2 सालों में (2016-2017) एक्यूट डायरिया से 14 लाख 80 हजार 817 लोग पीड़ित हुए।
3) पिछले 5 सालों में गंभीर संक्रामक बीमारियों से 3 लाख़ 91 हजार 18 लोग पीड़ित हुए।
4) पिछले 2 सालों में टाइफाइड से 2,29,532 लोग पीड़ित हुए।
5) मप्र में एक आदमी के ग्रामीण क्षेत्र में अस्पताल में एक बार भर्ती होने पर औसत खर्च 25961 रुपये आता है,जो बड़े राज्यों में सबसे अधिक की श्रेणी में है। ये बिहार जैसे राज्य में 15237 रुपये, तमिलनाडु में 16042 रुपये, उप्र में 15393 रुपये है।
6) पूरे देश में मप्र में सर्वाधिक 42.8% अर्थात 48 लाख बच्चे कुपोषण का शिकार हैं।
7) मप्र के 68.9 % बच्चे खून की कमी के शिकार और 15 से 49 साल की 52.4% महिलाएं खून की कमी की शिकार हैं।
8) मप्र में एक साल तक के बच्चों की मृत्यु दर देश में सबसे अधिक 47 अर्थात 90 हज़ार बच्चे अपना पहला जन्मदिन भी नहीं मना पाते और मौत की आगोश में समा जाते हैं।
9) बिहार, उत्तर प्रदेश के बाद तीसरा राज्य मप्र है,जहां कुल प्रजनन दर सर्वाधिक (टोटल फर्टिलिटी रेट ) 3.1 है।
10) मध्यप्रदेश में 89.6% महिलाओं की पूरी गर्भावस्था के दौरान पूरी जांच नहीं होती।
11) मध्यप्रदेश में 46% बच्चों का संपूर्ण टीकाकरण नहीं होता।
28 नवंबर को है मतदान
मध्यप्रदेश में 28 नवंबर को मतदान होगा। मध्यप्रदेश में इस बार भाजपा और कांग्रेस के बीच कड़ा मुकाबला है। भाजपा 15 साल से सत्ता पर काबिज है और इस बार वोटरों में उसके प्रति नाराजगी देखी जा रही है। सीएम शिवराज सिंह से सामने सत्ता बचाए रखने की चुनौती है। बसपा ने कांग्रेस को झटका देकर शिवराज की चुनौती की थोड़ा कम जरूर किया है लेकिन रास्ता आसान नहीं है।