खरगोन में सुरक्षा व्यवस्था में लगे जवान।
- फोटो : ANI
मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में रामनवमी पर मचे बवाल के बाद मंगलवार को एक साथ ईद, अक्षय तृतीया और परशुराम जंयती होने के चलते जिला प्रशासन हाई अलर्ट पर है। जिले में सुरक्षा के लिहाज से आज पूरी तरह से कर्फ्यू लागू है। किसी भी समुदाय को सार्वजनिक स्थल पर किसी भी तरह के आयोजन करने की मनाही है। कर्फ्यू के चलते मंगलवार को होने वाली ईद की नमाज़ भी मस्जिदों की जगह घरों में अदा की गई।
दंगों के 23 दिन बीत जाने के बाद मंगलवार का दिन पुलिस के लिए चुनौतियों से भरा रहेगा। अक्षय तृतीया पर शहर में किसी भी जगह सार्वजनिक रूप से शादी समारोह पर रोक है। वहीं, परशुराम जयंती पर भी किसी भी तरह की शोभायात्रा नहीं निकाली जा सकेगी।
खरगोन में किसी तरह की अप्रिय घटनाएं न हों इसके लिए भारी पुलिस बल तैनात है। जिले में अलग-अलग बलों के 1300 जवान सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे हैं। वहीं, सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन कैमरों से भी सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी जा रही है। दंगा प्रभावित क्षेत्र तालाब चौक, पहाड़सिंगपुरा, काजीपुरा, मोहन टॉकिज, गुरुव मोहल्ला, भावसार मोहल्ला में पुलिस पैनी नजर रख रही है।
सोमवार को जिले के प्रभारी एसपी रोहित काशवानी ने पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी दी थी। उन्होंने 1300 जवान पूरे शहर में तैनात किए गए जाने समेत ड्रोन से लगातार निगरानी रखने की बात कही थी। जिले में एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड सहित तमाम इमरजेंसी सेवाएं अलर्ट मोड पर रखी गई हैं। पुलिस मुख्यालय ने निमाड़, मालवा और महाकौशल के संवेदनशील जिलों को अलर्ट भेजा है। ताकि किसी भी तरह की चूक न हो।