जबलपुर में प्रेमी द्वारा घर में घुसकर मां और मामा पर पत्थर व डंडे से हमला कर नाबालिग का अपहरण किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस घटना ने सिविल लाइंस थाना अंतर्गत हुई रेलवे कर्मी तथा उसके आठ वर्षीय बेटे की हत्या की घटना ताजा हो गई है। पुलिस के अनुसार, अभी तक आरोपी के संबंध में कोई सुराग नहीं मिल पाया है और उसकी सरगर्मी से तलाश जारी है। उसकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीम गठित की गई है।
रांझी सीएसपी विवेक कुमार गौतम से प्राप्त जानकारी के अनुसार, नरसिंह नगर निवासी 14 वर्षीय नाबालिग लड़की के घर में घुसकर इमरान उम्र 19 से उसके मामा तथा मां पर पत्थर व डंडे से हमला कर दिया। दोनों को घायल करने के बाद युवक उनकी 14 वर्षीय बेटी का अपहरण कर ले गया। नाबालिग का पिता नौकरी के सिलसिले में शहर से बाहर रहता है। पुलिस ने सूचना मिलने पर आरोपी के खिलाफ अपहरण, घर में घुसकर मारपीट सहित अन्य धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, अभी तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है तथा उसके संभावित ठिकानों में दबिश जारी है। आरोपी के संबंध में उसके परिजनों व दोस्तों से पूछताछ जारी है। अभी तक आरोपी के संबंध में कोई सुराग नहीं मिला है। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित की गयी है।
पिछले डेढ़ साल से था प्रेम-प्रसंग
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, नाबालिग लड़की तथा युवक के बीच पिछले डेढ़ साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिसकी जानकारी उनके परिजनों को थी। लड़की स्वेच्छा से युवक के साथ गई है। सूत्रों के अनुसार, नाबालिग पूर्व में भी दूसरे युवक के साथ घर से भाग गई थी। पुलिस ने नाबालिग की बरामदगी के बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया था।