विद्युत विभाग में कार्यरत सहायक यंत्री को जबलपुर लोकायुक्त ने 60 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। सहायक यंत्री ने 11 केवी लाइन तथा ट्रांसफॉर्मर को हैंडओवर लेने के लिए ठेकेदार से रिश्वत मांगी थी।
लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक संजय साहू के अनुसार सिवनी निवासी ठेकेदार कलीम खान ने ग्राम टाकला में 11 केवी लाइन तथा ट्रांसफॉर्मर लगाने का कार्य किया था। कार्य पूर्ण करने के बाद उसे विद्युत मंडल के हैंडओवर करना था। इसके एवज में जबलपुर स्थित छापर स्थित कार्यालय में पदस्थ सहायक यंत्री शैलेंद्र नाथ ने रिश्वत में 60 हजार रुपये मांगे थे। इसकी शिकायत लोकायुक्त विभाग से की गई थी।
ठेकेदार ने सोमवार को कार्यालय पहुंचकर सहायक यंत्री को रिश्वत की रकम दी। सहायक यंत्री ने जैसे ही रिश्वत की रकम ली, लोकायुक्त की टीम ने दबिश देकर उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है।