टायर से हवा लीक होने के कारण पांच घंटे लेट हुई फ्लाइट
टायर से हवा निकलने के कारण जबलपुर-मुंबई फ्लाइट पांच घंटे देरी से उड़ पाई। मुंबई से उड़ान भरकर आए विमान की जांच के दौरान कर्मचारियों ने पाया कि एक टायर से हवा लीक हो रही है। इसके बाद दिल्ली से आने वाली फ्लाइट से नया टायर बुलाया उसे प्लेन में लगाया गया। इस पूरी कवायद में लगभग पांच घंटे का समय लगा। इसके कारण मुंबई जाने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
ये भी पढ़ें-
इंदौर की तीन फ्लाइट आज से बंद, एडवांस बुकिंग वालों को रिफंड या कनेक्टिंग फ्लाइट मिलेगी
डुमना एयरपोर्ट के डायरेक्टर राजीव रंजन पांडे ने बताया कि मुंबई के आने वाली इंडिगो की फ्लाइट निर्धारित समय पर दोपहर 12 बजे लैंड हुई थी। फ्लाइट को दोपहर 12.40 मिनट पर पुनः मुंबई के लिए उड़ान भरना थी। इस दौरान विमान की सुरक्षा जांच के दौरान कर्मचारियों ने पाया कि विमान के एक टायर की हवा लीक हो रही है। इसकी सूचना उनके द्वारा एयरपोर्ट प्रबंधन को दी गई। सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए फ्लाइट को उड़ान भरने से रोक दिया गया। यात्रियों को भी इस संबंध में जानकारी प्रदान की गई कि तकनीकी कारणों से फ्लाइट को डिले किया जा रहा है।
ये भी पढ़ें-
गोवा से इंदौर आ रही फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग, हाइड्रोलिक सिस्टम में आई थी खराबी
शाम साढ़े पांच बजे रवाना हुई फ्लाइट
जबलपुर एयरपोर्ट पर टायर सुधारने की व्यवस्था नहीं होने के कारण दिल्ली से आने वाली फ्लाइट से नया टायर बुलाया गया। नया टायर लगाने के बाद शाम साढ़े पांच बजे फ्लाइट को मुंबई के लिए रवाना किया गया। इस बीच अधिकांश यात्रियों को दिल्ली तथा बेंगलुरु जाने वाली फ्लाइट से रवाना कर दिया गया था। शेष बचे यात्रियों को शाम साढ़े पांच बजे मुंबई रवाना हुई फ्लाइट से रवाना किया गया।