करोड़ों का मालिक निकला सहायक प्रबंधक
आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ जबलपुर की टीम ने मंगलवार को कटनी जिले के बसाडी प्राथमिक कृषि साख समिति के सहायक प्रबंधक के घर व अन्य ठिकानों में दबिश दी। दबिश के दौरान सहायक प्रबंधक के पास से तीन करोड़ रुपये की संपत्ति का खुलासा हुआ। ईओडब्ल्यू ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है।
ईओडब्ल्यू जबलपुर के अनुसार सुशील कुमार गुप्ता, सहायक प्रबंधक, प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित बसाड़ी तहसील बड़वारा जिला कटनी के आर्थिक अपराध की शिकायत मिल रही थी। ईओडब्ल्यू ने मंगलवार को ग्राम बसाड़ी स्थिति उनके निवास सहित ग्राम बनहेरी स्थित आटा मिल व धान मिल, ऑइल मिल चक्की तथा फार्म हाउस में दबिश दी। ईओडब्ल्यू की टीम को दबिश के दौरान ग्राम बसाड़ी स्थित मकान की इंवेंट्री 11 लाख रुपये की इंवेंट्री, ग्राम बसाड़ी स्थित फार्म हाउस लगभग 30 हजार रुपये की इंवेंट्री, ग्राम बनहरी स्थित राईस व ऑइल मिल में लगभग साढ़े आठ लाख रुपये की इंवेंट्री तथा ग्राम बसाडी स्थित दो करोड 20 लाख रुपये से निर्मित वेयर हाउस मिला। इसके 1 सोनालिका ट्रैक्टर, 1 पिकअप बोलेरो एवं कृषि उपकरण भी मिले। प्रारंभिक जांच में सहायक प्रबंधक के पास से तीन करोड़ रुपये संपत्ति मिली है। दबिश के दौरान संपत्ति व निवेश संबंधित दस्तावेज भी मिले हैं, जिन्हे जब्त कर लिया गया है। दस्तावेज की जांच और आकलन किया जाता है। कार्रवाई के लिए ईओडब्ल्यू की तीन टीमों का गठन किया था और सभी टीमों ने एक साथ अलग-अलग दबिश दी। ईओडब्ल्यू ने आरोपी के खिलाफ आय से अधिक का प्रकरण दर्ज कर लिया है।