समिति प्रबंधक रिश्वत लेते चढ़ा लोकायुक्त के हत्थे
छिंदवाड़ा जिले के तामिया विकासखंड के ग्राम झिरपा में जबलपुर लोकायुक्त ट्रैप दल ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रभारी समिति प्रबंधक को 59 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। लोकायुक्त टीम ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।
लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक अंजु लता पटले ने बताया कि शिकायतकर्ता हरीश राय (पिता रमेश राय, उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम झिरपा, तामिया) का “हरि वेयरहाउस” नाम से गोदाम संचालित है। ग्राम झिरपा स्थित आदिम जाति सेवा सहकारिता समिति मर्यादित में पदस्थ प्रभारी समिति प्रबंधक मुनीम प्रसाद पिता बाबूलाल पटेल (उम्र 55 वर्ष) ने शिकायतकर्ता से वेयरहाउस का संचालन सुचारू रूप से जारी रखने और उसे ब्लैकलिस्ट में न डालने के लिए 59 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी।
ये भी पढ़ें-
मजदूर की मौत के बाद भी मांगी घूस: बुधनी सिविल अस्पताल में शव पैकिंग के नाम पर 600 रु.की वसूली, मानवता शर्मसार
पीड़ित हरीश राय ने रिश्वत मांगने की शिकायत लोकायुक्त कार्यालय जबलपुर में दर्ज कराई थी। जांच में शिकायत सत्य पाए जाने पर लोकायुक्त टीम ने आरोपी को रंगे हाथ पकड़ने की योजना बनाई। मंगलवार को शिकायतकर्ता योजनाबद्ध तरीके से रिश्वत की रकम लेकर समिति कार्यालय पहुंचा। जैसे ही उसने आरोपी को 59 हजार रुपये सौंपे, लोकायुक्त टीम ने तुरंत दबिश दी और आरोपी मुनीम प्रसाद को रंगे हाथ रिश्वत की रकम के साथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान आरोपी के कब्जे से 59 हजार रुपये की नकदी जब्त की गई। अचानक हुई इस कार्रवाई से कार्यालय में हड़कंप मच गया और कर्मचारी इधर-उधर भागने लगे। लोकायुक्त टीम ने मौके पर सभी साक्ष्य संकलित कर आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं में मामला दर्ज किया है।