मध्य प्रदेश की लोकायुक्त पुलिस ने मंगलवार को हेड कांस्टेबल के दो ठिकानों पर छापेमारी की। कथित तौर पर 4.39 करोड़ रुपये की बेहिसाब संपत्ति का पता लगाया है।
लोकायुक्त पुलिस उपाधीक्षक जेपी वर्मा ने बताया कि जबलपुर के तिलवारा थाने में तैनात सच्चिदानंद सिंह उर्फ मटरू के बरगी स्थित आवास और फार्म हाउस पर छापा मारा गया। 4.39 करोड़ रुपए से अधिक की संपत्ति के दस्तावेज और अन्य संपत्ति का पता चला। इनमें एक मकान, कृषि भूमि, फार्महाउस, सोने-चांदी के आभूषण, सात मोटरसाइकिल सहित 14 वाहन शामिल हैं।
मटरू के खिलाफ लोकायुक्त के पास आय से अधिक संपत्ति किस शिकायत की गई थी। प्रारंभिक कार्रवाई में बरगी हिल्स में 12000 वर्गफीट का प्लाट और मकान, बरगी के सुकरी में करीब 12 एकड़ का फार्म हाउस समेत लाखों रुपए कीमती कई चार पहिया वाहन, हाईवा जेसीबी, ग्रेडर मशीन, पोकलेन आदि का पता चला है। उक्त संपत्तियां किसके नाम पर खरीदी गई हैं लोकायुक्त की टीमें इसका पता रही हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 1995 के बाद से बरगी संभाग के ही थानों में पदस्थ रहे प्रधान आरक्षक मटरू के खिलाफ लोकायुक्त और ईओडब्ल्यू में आय से अधिक संपत्ति की शिकायत की गई थी। दोनों जांच एजेंसियां शिकायत की जांच में जुटी थी। इसी बीच मंगलवार तड़के लोकायुक्त की सर्च टीमों ने मटरू के ठिकानों पर दबिश दे दी।