केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल सराफा चौपाटी पहुंचे।
- फोटो : amar ujala digital
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल इंदौर यात्रा पर आए। वे शनिवार रात को सराफा पहुंचे और चौपाटी पर व्यंजनों का स्वाद लिया। उनके साथ भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय और विधायक मालिनी गौड़ भी साथ थे। मंत्री गोयल ने कहा कि मध्य प्रदेश की जनता भाजपा के साथ है। वह कांग्रेस को भूलकर भी वोट नहीं देगी।
कांग्रेस के पास न तो कार्यकर्ता बचे है और न नेतृत्व बचा है। प्रदेश में भाजपा सरकार ने अच्छे काम किए है। इस बार भी प्रदेश में भाजपा की सरकार बन रही है। रविवार सुबह मंत्री गोयल नीमच के लिए रवाना हुए। वे वहां प्रबुद्धजन सम्मेलन में शामिल हुए। इसके बाद वे रात को इंदौर लौटे और दिल्ली के लिए रवाना हुए।
सराफा का अनुभव यादगार
मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि इंदौर के सराफा के बारे में सुना था, इसलिए यहां आया हुं। सराफा का अनुभव यादगार है। अलग-अलग स्वाद यहां मिला। स्वच्छता के मामले में तो शहर की पहचान है ही असली पहचान यहां के स्वाद की भी है।
उन्होंने कहा कि यह काॅन्सेप्ट बहुत अच्छा है। किसी ने मुझसे कहा कि कर्नाटक में भी इस तरह की चौपाटी होना चाहिए। इससे पर्यटन भी बढ़ता है। यहां आना पहले से तय होता तो सुबह से उपवास कर आता। कई शहरों में चौपाटी रहती है, लेकिन इंदौर की सराफा चौपाटी की बात अलग है। यहां स्वाद और क्वालिटी पर काफी जोर दिया जाता है।