इंदौर के बाणगंगा क्षेत्र में डेढ़ साल के बच्चे की पानी की टंकी में गिरने से मौत हो गई। परिवार के लोग खाना खा रहे थे, तभी बच्चा खेेलते-खेेलते पानी की टंकी के पास चले गए। परिजनों को लगा कि बच्चा घर के बाहर खेल रहा है, लेकिन जब वह नजर नहीं आया तो परिजनों ने खोजना शुरू किया। तब उसका शव पानी की टंकी में मिला।
पुलिस के अनुसार सागर में रहने वाले आनंद लोधी अपने परिवार के साथ अपनी बहन के साथ इंदौर आए थे। वे अपनी बहन और परिवार के अन्य 15 लोगों के साथ सोमवार को वैष्णोदेवी जाने वाले थे,एक दिन पहले वे इंदौर आए थे। आनंद व अन्य परिजन घर के भीतर खाना खा रहे थे, तभी उनका डेढ़ साल का बेटा देवांश खेलते-खेेलते बाहर चला गया। परिजनों का उस पर ध्यान नहीं गया और वह पानी की टंकी में गिर पड़ा।
छह फुट गहरी पानी की टंकी में चार फुट पानी भरा था। टंकी में ढक्कन भी लगा था, लेकिन वह खुला था। इसकी वजह से हादसा हो गया। पानी में गिरे देवांश को निकाल कर परिजन डाक्टर के पास ले गए, लेकिन डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
देवांश के पिता आनंद सागर में एक दुकान पर काम करते है। देवांश उसकी चार वर्षीय बहन माही के साथ पूरा परिवार वैष्णोदेवी जाने वाला था। सोमवार को मालवा एक्सप्रेस से सभी परिजनों ने रिजर्वेशन कराया था,लेकिन उससे पहले यह हादसा हो गया।