इंदौर में एक नौ साल के बच्चे को निजी स्कूल वैन ने टक्कर मार दी। घटना परदेशीपुरा इलाके में हुई। गंभीर हालत में बच्चे को उपचार के लिए एमवाय अस्पताल ले गए लेकिन देर रात उसकी मौत हो गई। बच्चे की उम्र मात्र 9 वर्ष थी। बच्चा अपने दोस्तों के साथ खेल रहा था जब यह घटना हुई। परिवार के लोगों ने बताया कि घर से करीब 100 मीटर की दूरी पर ही हादसा हुआ। वहां पर कैमरे भी लगे थे जिनमें पूरी घटना कैद हुई है।
विज्ञापन
शनिवार शाम करीब 5 बजे जनता क्वार्टर इलाके में बालक आशीष शर्मा घर के बाहर खेल रहा था। इसी समय विकास विद्या निकेतन की एक स्कूल वैन ने उसे टक्कर मार दी। घायल आशीष को लोग तुरंत उपचार के लिए एमवाय अस्पताल ले गए। लोगों ने वैन को भी रोक लिया और चालक को पकड़ लिया। अस्पताल में डाक्टरों ने उसे बचाने की कोशिश की लेकिन बचा नहीं सके।
स्कूल से आकर खेलने चला गया था
परिवार के लोगों ने बताया की आशीष तीसरी कक्षा में पढ़ाई करता था। शाम को वह स्कूल से आया और दोस्तों के साथ घर के बाहर खेलने लगा। तभी वैन चालक ने उसे टक्कर मार दी। परदेशीपुरा पुलिस ने वैन को जब्त कर लिया है। आशीष के परिवार में उसके दो बड़े भाई हैं। वह तीन भाइयों में सबसे छोटा है। आशीष के पिता भी ड्राइविंग का ही काम करते हैं।