'यह सिर्फ कमल का फूल है, पंजे वाले क्या हाथ काटकर अंदर जा रहे हैं'
खंडवा संसदीय क्षेत्र के सनावद में बूथ क्रमांक 180 पर एक महिला कमल के फूल की प्रिंट वाली साड़ी पहनकर मतदान करने पहुंची। इस पर कांग्रेस प्रत्याशी नरेंद्र पटेल ने आपत्ति ली। इसे लेकर महिला ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि यह सिर्फ कमल का फूल का है। इस पर कांग्रेस प्रत्याशी ने कहा कि यह एक राजनीतिक पार्टी का चिन्ह हैं। इसके बाद महिला ने कहा कि आप मुझे बताइए कि क्या हाथ के पंजे वाले हाथ काटकर अंदर जा रहे हैं। इसके बाद कांग्रेस प्रत्याशी ने कहा कि यह निर्वाचन आयोग तय करेगा। इस मामले को लेकर काफी देर तक विवाद के हालात बने रहे।
कर्मचारी की हार्ट अटैक से मौत
धार जिले में चुनावी ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी की हार्ट अटैक से मौत हो गई। विकाश खंड तिरला के बीओ सुमन वासने को देर रात घर पर साइलेंट अटैक आ गया, जिससे उनकी मौत हो गई। वे गंधवानी तहसील में शनिवार को मतदान सामग्री वितरित कर तिरला पहुंचे थे। आज सुबह भी उन्हें चुनावी ड्यूटी पर जाना था, लेकिन रात करीब 1 बजे उनकी मौत हो गई।
मतदान कर घर लौटे युवक की मौत
रतलाम में मतदान के बाद एक युवक की हार्ट अटैक से मौत हो गई। जिले के टाटानगर में रहने वाले प्रकाश पिता मांगीलाल सतोगिया (36) आज सुबह 9 के करीब वोट डालने गए थे। वापस आने के बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन तत्काल उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।