अगर आपको कोई महंगी चीज कम दाम में मिल रही है तो जरूरी नहीं कि बेचने वाले की मजबूरी हो। हो सकता है वह सामान चोरी का हो। ऐसा ही कुछ इंदौर में हुआ है। पुलिस ने लैपटॉप चुराने वाले को पकड़ा है। आरोपी कम दाम में लेपटॉप बेचने के लिए घूम रहा था। इसी दौरान पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
जानकारी के मुताबिक खजराना पुलिस थाने में 29 अक्टूबर 2021 को राजेश सावनेर पिता इंद्रेश सावनेर निवासी बी-44 आइडिया स्कीम नंबर 134 ने ई-एफआईआर करवाई थी। इसमें बताया कि मैं रतलाम गया था। वापस आकर देखा तो मेरे बेटे नितिन का लैपटॉप घर पर नहीं था। कोई इसे चुरा ले गया। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया था।
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज देखे। इसमें संदिग्ध नजर आया। इसकी जानकारी जुटाई गई। पुलिस को सूचना मिली कि न्याय नगर में एक व्यक्ति कम दाम में लैपटॉप बेचने की फिराक में है। वह ग्राहक ढूंढ रहा है। पुलिस ने उसे पकड़ा तो उसने अपना नाम दीपक भडेरिया पिता घनश्याम (19) निवासी कृष्ण बाग बी सेक्टर सरस्वती नगर खजराना इंदौर बताया। उससे लैपटॉप के बिल व दस्तावेज मांगे लेकिन वह नहीं बता सका।
लैपटॉप को चेक करने पर वह चोरी का निकला। ई-एफआईआर में दर्ज करवाई गई जानकारी उसमें पाई गई। पुलिस ने सख्ती की तो आरोपी ने कबूल किया कि उसने लैपटॉप चुराया था। उसे गिरफ्तार कर लैपटॉप जब्त किया। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।