पुणे से इंदौर लौट रही शिक्षिका व उसके बेटे की बस में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शिक्षिका उज्जैन निवासी है और अपनी मां व बेटे के साथ पुणे गई थी। अशोक ट्रैवल्स की बस से तीनों इंदौर लौट रहे थे। इसी दौरान मां-बेटे की तबीयत अचानक बिगड़ गई। दोनों को उल्टियां होने लगी। अस्पताल ले जाया गया जहां मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक वेदनगर नानाखेड़ा उज्जैन निवासी शिक्षिका दीपिका पति संदीप पटेल (38) अपने बेटे आदित्यराज (11) और मां पुष्पा के साथ पुणे घुमने गई थीं। लौटने के लिए दीपिका ने अशोक ट्रेवल की एसी बस में ऑनलाइन सीट बुक करवाई थी। तीनों बस से आ रहे थे तो रास्ते में दीपिका और आदित्यराज को उल्टियां होने लगी। इस पर दोनों को निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। सोमवार को दोनों की उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजन दम घुटने से मौत होना बता रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।