महिला फिलहाल अपने मायके में रह रही थी। महिला ने कोर्ट में पति के खिलाफ मामला दर्ज करवाया था, जिससे पति इतना नाराज हुआ कि अपने दांतों से पत्नी की नाक काट दी। महिला को आलोट स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मध्यप्रदेश के रतलाम में एक अजीबो गरीब मामला सामने आया है। एक शराबी पति ने पहले अपनी पत्नी के साथ मारपीट की और फिर बर्बरता दिखाते हुए उसकी नाक काट दी। महिला को गंभीर हालत में अस्तपाल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
विज्ञापन
दरअसल, शराबी पति की प्रताड़ना से तंग आकर महिला ने कुछ साल पहले ही थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन उचित कार्रवाई नहीं होने पर महिला ने कोर्ट में पति के खिलाफ मामला दर्ज करवाया और गुजारा भत्ता देने की मांग की। कुछ दिन बाद कोर्ट से उसके पति के नाम का समन आया। इससे पति नाराज हो गया। उसने पहले तो पत्नी को पीटा फिर दांतों से उसकी नाक काट दी। यह घटना रतलाम जिले में आलोट इलाके की है।
दरअसल, आलोट की रहने वाली टीना माली की शादी 2008 में उज्जैन जिले के झुठावद गांव के दिनेश माली के साथ हुई थी। टीना और दिनेश की दो बेटी हैं। टीना माली का आरोप है कि दिनेश दिनभर घर में बैठा रहता था। काम करने के लिए बोलती तो नाराज होकर घर से बाहर चला जाता था। शादी के दो साल बाद स्थिति और बिगड़ती चली गई। टीना के मुताबिक, दिनेश 2011 से शराब पीने लगा। जब विरोध करती तो वह मारपीट करने लगाता था। प्रताड़ना से तंग आकर वह दोनों बेटियों के साथ वापस मायके आकर रहने लगी। और दूसरों के यहां खाना बनाकर अपना जीवन यापन कर रही हैं।
विज्ञापन
2019 में टीना ने दिनेश के खिलाफ कोर्ट में केस दायर किया
2019 में टीना ने पति के खिलाफ कोर्ट में भरण पोषण के लिए केस दायर किया। टीना ने यह बात अपने पति दिनेश को भी बताई। इससे दिनेश नाराज हुआ। वह केस वापस लेने के लिए दबाव बनाने लगा। दो साल तक केस खत्म करने के लिए वह दबाव बनाता रहा, लेकिन टीना केस वापस नहीं ली। 26 सितंबर (रविवार) दोपहर अंजुमन कॉलोनी स्थित टीना के घर आरोपी पति दिनेश पहुंचा औऱ उसने टीना और दो बेटियों से मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान उसने दांतों से पत्नी की नाक काट दी, इसके बाद फरार हो गया। पड़ोसियों ने टीना को अस्पताल में भर्ती कराया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। सोमवार को पुलिस आरोपी को कोर्ट में पेश करेगी।