घटना मोहना थाना क्षेत्र में हुई है।
- फोटो : सोशल मीडिया
मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक एसएएफ के जवान की बांध में डूबने से मौत हो गई। वह अपने साथियों के साथ पिकनिक मनाने आया था, पर नहाने के दौरान गहराई में चला गया और हादसा हो गया। गोताखोरों ने बड़ी मशक्कत के बाद से उसे निकाला।
जानकारी के अनुसार 13 बटालियन एसएएफ में क्लर्क के पद पर काम करने वाला मदन मोहन काकेटो बांध के पास पिकनिक मनाने आया था। साथ में उसके दोस्त भी थे। वहां पहुंचकर दोस्त नहाने लगे। मदन भी साथ था, पर नहाते-नहाते वह गहराई में चला गया। दोस्तों ने उसे पहले तो खूब तलाशा, जब वह नहीं मिला को नजदीक के मोहना थाना में सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों को पानी में उतारा।
बड़ी मशक्कत के बाद मदन को पानी से निकाला गया, पर तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। बताया जा रहा है कि मदन के पिता भी एसएएफ में पदस्थ थे, ड्यूटी के दौरान उनका निधन हो गया था। उनकी जगह अनुकंपा में मदन को नौकरी मिली थी। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है।