मध्यप्रदेश के ग्वालियर में 20 वर्षीय युवती की हत्या के मामले में पुलिस ने गुरुवार को खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक यह मामला ऑनर किलिंग का है, जिसमें युवती के भाई व पिता को गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके अलावा तीन अन्य हत्यारोपितों की तलाश जारी है।
लड़की की सहमति पर ही भेजा गया था घर
एसपी सिटी आत्माराम शर्मा ने बताया कि पांच जून को युवती दूसरे समुदाय के व्यक्ति के साथ घर से भागी थी, जिसके बाद युवती के परिवार वालों की ओर से जनकगंज पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। लेकिन, सात जुलाई को युवती वापस आ गई, जिसके बाद पुलिस ने उसे महिला शेल्टर होम भेज दिया था। लेकिन, 31 जुलाई को युवती की ओर से अपने माता-पिता के साथ रहने की सहमति मिलने के बाद उसे दोबारा घर भेज दिया गया था।
पिता व भाई ने पुलिस को किया गुमराह
एसपी सिटी ने बताया कि दो अगस्त को युवती के पिता थाने पहुंचे और अपनी बेटी द्वारा फांसी लगारक आत्महत्या करने की बात बताई, जिसके बाद पुलिस की टीम और फॉरेंसिक एक्सपर्ट ने इस मामले की जांच शुरू की। अधिकारियों के अनुसार, जांच के दौरान उन्हें संदेह हुआ और एक लेटर भी मिला। वहीं फॉरेंसिक एक्सपर्ट की रिपोर्ट के मुताबिक भी यही सामने आया कि युवती ने आत्महत्या नहीं की थी। उन्होंने बताया कि जब इस मामले में युवती के पिता और उसके परिवारीजनों से पूछताछ की गई तो उन्होंने युवती की हत्या करने की बात कबूली। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज करते हुए युवती के पिता और भाई को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं इस मामले में युवती के चाचा और दो चचेरे भाईयों को तलाश किया जा रहा है।