ग्वालियर में एक घर से चार लाशें मिलने से सनसनी फैल गई।
- फोटो : सोशल मीडिया
मध्य प्रदेश के ग्वालियर में रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। एक घर से चार लाशें बरामद की गई हैं। पति-पत्नी और बेटे-बेटी के शव पुलिस को मिले हैं। प्रथमदृष्टया प्रतीत हो रहा है कि पति ने पहले पत्नी और बेटी को जहर दिया, फिर बेटे को फांसी पर लटका दिया। आखिरी में खुद ने भी जान दे दी। बताया जा रहा है कि ये परिवार आठ दिन पहले ही इस घर में किराए से रहने आया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सीएसपी थाना महाराजपुरा सर्किल रवि भदौरिया ने बताया कि महाराजपुरा थाना इलाके में महाराजपुरा गांव में एक घर में एक साथ चार लोगों की मौत की सूचना पुलिस को मिली थी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची तो घर में पति पत्नी और दो बच्चों की लाश मिली। इनकी पहचान स्कूल कर्मचारी जितेंद्र बाल्मीकि, उसकी पत्नी निर्जला, बेटा कुलदीप और दो वर्षीय बेटी जानवी के रूप में की गई। पुलिस को आशंका है कि जितेंद्र ने पत्नी और बच्चों की हत्या के बाद आत्महत्या की है। मौके पर पहुंचे फॉरेंसिक एक्सपर्ट ने भी यही आशंका जताई है।
पुलिस अनुमान लगा रही है कि पति जितेंद्र ने पत्नी निर्जला और 2 साल की बच्ची को जहर देकर मारा गया है, जबकि बेटे कुलदीप को फांसी पर लटका हुआ पाया गया है। इसके साथ ही घर के मुखिया जितेंद्र ने भी फांसी लगाई है। जानकारी में सामने आया है कि जितेंद्र बाल्मीकि ने 8 दिन पहले ही महाराजपुरा गांव आकर किराए से मकान लिया था, इसलिए पड़ोसियों पर इनके संबंध में ज्यादा जानकारी नहीं थी। फिलहाल पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। जांच शुरू कर दी है।