मध्यप्रदेश के सीधी जिले में आदिवासी युवक पर पेशाब करने का मामला अब सियासी तूल पकड़ता जा रहा है, नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह ने शिवराज सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बीजेपी विधायक का प्रतिनिधि आरोपी प्रवेश शुक्ला आदिवासी भाई के ऊपर पेशाब कर रहा है यह आदिवासी समाज की बेज्जती है। प्रदेश के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री मोदी वोट के लिए आदिवासी समाज के लिए प्रेम का दिखावा कर रहे हैं, उनका चाल चरित्र और चेहरा देश की जनता के सामने अब उजागर हो चुका है।
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान मंच से कहते है कि अपराधियों को जमीन में गाड़ देंगे,लेकिन ऐसे अपराधियों को सजा कब मिलेगी.. अभी तक आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया है। शिवराज सिंह चौहान लगातार भाषण देते हैं कि गाड़ देंगे, लटका देंगे या तो अपनी कथनी पर कायम रहें नहीं तो देश की साढ़े आठ करोड़ जनता से माफी मांगे। सीधी की घटना ने प्रदेश को कलंकित किया है। उम्र के इस पड़ाव में इस तरह की घटना कभी नहीं देखी, ना सुनी बेहद शर्मनाक घटना है।
बता दे, सोशल मीडिया पर मंगलवार को एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें विधायक केदारनाथ का पूर्व प्रतिनिधि आदिवासी युवक पर पेशाब करते हुए दिखाई दे रहा था। वहीं, सीएम शिवराज सिंह चौहान ने घटना के सामने आने के बाद मंगलवार को कहा था कि अपराधी-अपराधी होता है, उसकी कोई पार्टी, जाति और धर्म नहीं होता। वहीं, सीधी पुलिस ने प्रवेश शुक्ला के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है और एनएसए की कार्रवाई की जा रही है, लेकिन नेता प्रतिपक्ष का कहना है एनएसए की कार्रवाई से क्या होता है कल जमानत पर छूट कर बाहर आ जाएगा। आरोपी पर ठोस कार्रवाई की जाना चाहिए।