ग्वालियर में एटीएम में लूट करने वाला बदमाश।
- फोटो : अमर उजाला
ग्वालियर शहर के मुरार इलाके में एटीएम बूथ के अंदर घुसकर चोर ने पहले मशीन को काटा। फिर उसमें रखे लाखों रुपये चोरी किए। इसके बाद मशीन में आग लगाकर भाग गया। चोर ने सिर पर टोपी और मुंह पर कपड़ा बांध रखा था। एटीएम बूथ में घुसते ही उसने सबसे पहले सीसीटीवी कैमरे पर स्प्रे किया, जिससे कुछ भी रिकॉर्ड न हो सके। फिर इत्मीनान से मशीन काटी। रुपये निकाले और आग लगा दी।
पुलिस को इसकी जानकारी तब लगी जब एटीएम बंद होने पर उसे सुधारने के लिए कर्मचारी पहुंचा। इस घटना ने शहर की सुरक्षा-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। चोर एटीएम से कितने रुपये लेकर गया है, इसकी जांच की जा रही है।
मुरार इलाके में सड़क पर स्टेट बैंक आफ इंडिया का एटीएम है। इसमें बुधवार रात करीब तीन बजे एक चोर घुसा। चोर ने मुंह पर कपड़ा बांधा हुआ था। उसने एटीएम बूथ में घुसते ही सबसे पहले सीसीटीवी कैमरे पर स्प्रे किया। उसने इसके बाद मशीन काटी और कैश ट्रे में से रुपये निकाल लिए। इसके बाद उसने मशीन में आग लगा दी और भाग गया। आग की लपटें उठी तो मशीन बंद हो गई।
काफी देर तक मशीन बंद होने पर मुंबई स्थित सर्विलांस रूम से ग्वालियर में एटीएम को मेंटेनेंस वाली कंपनी के कर्मचारी को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही सुबह 7.30 बजे कर्मचारी पहुंचा और उसने देखा कि मशीन में आग लगी थी। फायर ब्रिगेड को बुलाया। आग बुझ चुकी थी। जब अंदर जाकर देखा तो मशीन कटी हुई थी और रुपए गायब थे। उसने कंपनी के आफिस में सूचना दी। फिर यहां से बैंक अफसरों को सूचना दी गई। इसके बाद सीसीटीवी कैमरे चैक किए गए तो एक युवक स्प्रे करता हुआ नजर आया। हालांकि, सीसीटीवी कैमरे भी आग लगने से जल गए थे। इसकी डीवीआर मुंबई में देखी गई तो स्प्रे करता युवक दिखा। इसके बाद कुछ नहीं दिखा, क्योंकि उसने काले रंग का स्प्रे कर दिया था। पुलिस फिलहाल मामले की विवेचना कर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी है।