डाबरी क्षेत्र में तुलसी मंदिर के पास प्रतिबंधित नायलॉन मांझे की चपेट में आने से 13 वर्षीय छात्र अल्तमश की गर्दन कट गई। यह घटना रविवार दोपहर करीब 12 बजे हुई, जब वह अपने घर से थोड़ी दूरी पर स्थित मंदिर की ओर जा रहा था। मांझा गले में फंसने से छात्र की गर्दन पर गहरा घाव हो गया और वह वाहन से नीचे गिर पड़ा।
हादसे में गंभीर रूप से घायल छात्र को परिजन तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसकी गर्दन पर पांच टांके लगाए। फिलहाल पीड़ित छात्र की स्थिति सामान्य है।
ये भी पढ़ें-
सीहोर: डेंगू से यूपीएससी छात्रा की मौत, पांच दिन में पांच लाख खर्च कर भी नहीं बचा सके; मां-बहन भी संक्रमित
दर्शन के लिए जाते समय हादसा
अल्तमश अपनी दादी और छोटे भाई के साथ बंदी छोड़ बाबा के दर्शन करने जा रहा था। वह खुद दोपहिया वाहन चला रहा था। घर से कुछ ही दूरी पर डाबरी में स्थित तुलसी मंदिर के पास अचानक नायलॉन का धागा उसकी गर्दन में आ गया। पतंग की डोर की चपेट में आने से उसकी गर्दन पर गंभीर घाव हो गया और तेजी से खून बहने लगा। अचानक हुए इस हादसे के कारण वाहन से अल्तमश का संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर गया। सड़क पर गिरने से उसके हाथ और पैर में भी चोटें आईं।
प्रतिबंधित मांझे की बिक्री पर सवाल
अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार करते हुए छात्र की गर्दन पर पांच टांके लगाए। उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी स्थिति सामान्य बताई है। उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष भी नायलॉन मांझे की चपेट में आने से कई लोग घायल हुए थे। इसके बावजूद बाजारों में अभी से प्रतिबंधित नायलॉन मांझे की बिक्री होने लगी है। ऐसे में प्रतिबंध के बावजूद इसकी बिक्री कैसे हो रही है और जिम्मेदार विभाग इस पर प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं कर रहे हैं, यह गंभीर चिंता का विषय है।