महू नीमच हाईवे पर दर्दनाक हादसा।
- फोटो : अमर उजाला
महु नीमच हाईवे के पास एक दर्दनाक एक्सीडेंट हो गया, नशे में धुत एक ट्रक चालक ने गलत साइड से आते हुए सड़क पर खड़े 5 लोगों को रौंद दिया, हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, वहीं 2 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।
घटना रविवार रात की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार कुछ लोग घाटाबिलोद ब्रिज के पास बने एक होटल के पास खड़े थे। तभी ट्रक क्रमांक GJ 10TX9194 इंडोरामा की तरफ से गलत साइड से तेज गति से आया और होटल के समीप खड़े 5 लोगों के ऊपर चढ़ा गया। ट्रक चालक ने होटल के पास खड़ी 2 से 3 कार व मोटरसाइकिलों में भी टक्कर मार दी। पूरी घटना होटल में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
सूचना मिलते ही बेटमा पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर ही एक किशोर परमार राउ की मौत हो गई, गंभीर रूप से जख्मी 4 लोगों को 108 की मदद से अस्पताल रैफर किया गया, अस्पताल ले जाते समय ही विक्रम बागरी निवासी घाटाबिलोद व महेश बागरी घाटाबिलोद की भी मौत हो गई। महेश, राजकुमार बागरी का फिलहाल इंदौर में इलाज जारी है।
नशे में धुत था ट्रक चालक
हादसे के बाद लोगों ने ट्रक चालक को पकड़ कर उससे गलत साइड से आने का कारण पूछा लेकिन उसने इतनी ज्यादा शराब पी थी कि उसे याद नहीं था उसने क्या किया है। आक्रोशित लोगों ने ट्रक चालक की पिटाई कर दी।