प्रेसवार्ता में जानकारी देतीं विधायक पवार
- फोटो : सोशल मीडिया
मध्य प्रदेश में शिवराज सरकार के दो साल पूरे होने पर अब पूरे प्रदेश में सरकार की उपलब्धियां गिनाई जा रही हैं। शनिवार को देवास में विधायक गायत्रीराजे पवार ने दो साल की उपलब्धियां बताईं और कांग्रेस की आलोचना भी की।
भाजपा कार्यालय में विधायक पवार ने प्रेसवार्ता कर उपलब्धियों की जानकारी दी। विधायक ने कहा कि मध्यप्रदेश में शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार के चौथे कार्यकाल के दो वर्ष पूरे हो गए हैं। सरकार किसान, युवा, बेटी, महिला, बुजुर्ग सभी के लिए काम कर रही है। प्रदेश अब विकसित देशों की बराबरी पर खड़ा है। 2003 तक रही दिग्विजय सिंह के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार ने प्रदेश को जिस हालत में लाकर छोड़ा था उस स्थिति में यह कल्पना करना भी मुश्किल था कि हमारा प्रदेश भी कभी विकसित प्रदेश बन सकेगा। कमलनाथ के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार ने भी 15 माह में भ्रष्टाचार और लूट की राजनीति की। संबल योजना, मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना, कन्यादान योजना समेत कई योजनाएं बंद कर गरीबों के साथ अन्याय किया, लेकिन जब भाजपा वापस सत्ता में आई तो समाज के सभी वर्गों का सर्वांगीण विकास किया। प्रेसवार्ता के दौरान जिलाध्यक्ष राजीव खंडेलवाल, जिला महामंत्री राजेश यादव, पूर्व महापौर सुभाष शर्मा आदि मौजूद रहे।
किसानों के खाते में एक लाख 72 हजार की राशि जमा की
विधायक पवार ने बताया कि मप्र देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है। मप्र प्रदेश की जीडीपी बढ़ रही है। वर्तमान प्रचलित दरों पर 19.74 प्रतिशत विकास दर हासिल की है जो देश में सर्वाधिक है। राज्य में प्रति व्यक्ति आय एक लाख 24 हजार प्रतिवर्ष से भी अधिक हुई है। स्वच्छता में इंदौर ने पांचवीं बार रिकॉर्ड बनाया। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के क्रियान्वयन में मप्र देश में नंबर वन है। आयुष्मान कार्ड बनाने में मप्र नंबर वन है। जल जीवन मिशन में देश में दूसरे स्थान पर है। मप्र के 88 लाख घरेलू उपभोक्ताओं का छह हजार 400 करोड़ रुपये का बिजली बिल माफ किया गया। जनवरी 2022 से प्रतिमाह रोजगार दिवस मनाने का निर्णय लिया। रोजगार दिवस के माध्यम से बीते चार माह में 10 लाख स्व रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाए। किसानों के कल्याण के लिए सरकार ने कदम उठाए। बीते दो वर्षों में फसल बीमा, फसल हानि राहत, बिजली सब्सिडी जैसी कई योजनाओं व कार्यक्रमों के माध्यम से किसानों के खाते में एक लाख 72 हजार की राशि जमा की गई है। पिछले दो साल में शून्य ब्याज दर पर किसानों को 29 हजार करोड़ रुपये से अधिक का ऋण दिया गया। इसके अलावा भी अन्य कई उपलब्धियां विधायक ने गिनाईं।
झूठे वादे के साथ सत्ता में आई कांग्रेस
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस झूठे वादे के साथ सत्ता में आई थी। 15 माह में बदले की भावना से काम किया। भाजपा के लोगों को परेशान किया। कांग्रेस ने वंदे मातरम गान बंद किया। मीसाबंदियों की पेंशन रोकने का काम किया। माफिया विरोधी कार्रवाई के नाम पर भाजपा कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया गया। उनके आवास, प्रतिष्ठान तोड़े गए। प्रदेशभर में सीएए विरोधी धरनों को सरकारी संरक्षण और प्रोत्साहन मिला। उज्जैन में महाकाल मंदिर के मार्ग को जमातियों ने महीनेभर तक घेरे रखा। नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में आवाज उठाने वाले कार्यकर्ताओं पर आपराधिक मुकदमे दर्ज किए। कमलनाथ सरकार का हिंदू विरोधी चेहरा उजागर हुआ। इस तरह के अन्य आरोप कांग्रेस पर लगाए।