ट्रेनें बंद होने से यात्रियों की परेशानी बढ़ी।
- फोटो : अमर उजाला
बीना-कटनी रेल मार्ग पर एनआई वर्क के चलते 5 जोड़ी यात्री ट्रेनों को 10 दिन के लिए रद्द कर दिया गया है, जिससे यात्रियों की परेशानी फिर बढ़ गई है। सबसे ज्यादा परेशानी भोपाल जाने वाली राज्यरानी एक्सप्रेस के बंद होने से बढ़ी है। जो ट्रेनें रद्द हुई हैं इनमें दमोह-भोपाल राज्यरानी, बीना-दमोह पैसेजर, बीना-कटनी मेमू, भोपाल इटारसी एक्सप्रेस, भोपाल-बिलासपुर पैसेंजर ट्रेन 10 मई शुक्रवार से 20 मई तक बंद रहेंगी। ऐसे में यात्रियों को दमोह से भोपाल जाने के लिए बस और टैक्सी में पांच गुना अधिक किराया देना पड़ेगा।
लाइफ लाइन कही जाती है राज्यरानी एक्सप्रेस
दमोह से भोपाल के लिए जाने वाली राज्यरानी एक्सप्रेस यात्रियों के लिए सबसे अच्छा सुलभ साधन है। इस ट्रेन से ज्यादातर मरीज और अन्य यात्री सुबह 10 बजे भोपाल पहुंच जाते हैं और शाम 5 बजे वापस दमोह के लिए रवाना हो जाते हैं। इस ट्रेन के बंद होने से यात्रियों के सामने केवल बस और टैक्सी का विकल्प बचा है। इसी तरह बिलासपुर-भोपाल पैसेंजर एवं इटारसी-भोपाल ट्रेन भी बंद हो गई है। ऐसे में यात्रियों को अपनी यात्रा कैंसिल करनी पड़ रही है। दूसरी ओर दमोह-बीना एवं दमोह-कटनी पैसेंजर ट्रेन बंद होने से छोटे स्टेशनों के यात्रियों के लिए भी अब आवागमन के लिए कोई साधन नहीं है। राज्यरानी एक्सप्रेस ट्रेन में दमोह से भोपाल का किराया 110 रुपए लगता है, जबकि स्लीपर बस में 500 रुपए किराया लिया जा रहा है।
यात्री किरन शुक्ला ने बताया कि उन्हें इलाज कराने के
लिए भोपाल जाना पड़ता है। राज्यरानी ट्रेन से ही वह भोपाल जाती हैं, लेकिन ट्रेन बंद होने से अब मजबूरी में 10 दिन बाद जाएंगी या फिर किसी तरह बस का सफर करेंगी। रेल संघर्ष समिति के प्रांजल चौहान का कहना है कि महत्वपूर्ण ट्रेनों को बार-बार बंद किया जा रहा है जबकि मालगाड़ी हर 5 मिनट में निकल रहीं हैं।
एनआई वर्क चल रहा है
दमोह स्टेशन मास्टर मुकेश जैन ने बताया कि रेलवे द्वारा एनआई वर्क के चलते यात्री ट्रेनों को कैंसिल किया गया है। मालगाड़ियों से कोयले की ढुलाई होती है। ऐसे में पावर स्टेशनों पर कोयला की नियमित सप्लाई जरूरी होती है, ताकि बिजली की नियमित आपूर्ति बनी रहे।