दमोह जिले के पथरिया थाना की जेरठ चौकी अंतर्गत सोमवार की दोपहर हिनौता गांव की सुनार नदी में एक बोरी के अंदर शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस घटना स्थल पहुंची और शव को बोरी से बाहर निकाला। मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है।
जानकारी के अनुसार पथिरया के हिनौता गांव की सुनार नदी में शव मिला है। अज्ञात शव एक बंद बोरी में सुनार नदी में बहते हुए हिनौता घाट आ पहुंचा। शव करीब तीन से चार दिन पुराना बताया जा रहा है। मृतक के हाथ पर बबलू व छाती पर मां लिखा हुआ है। काला लोअर और कत्था रंग की शर्ट युवक पहने हुए हैं। फिलह शिनाख्त नहीं हो सकी है।
प्रथमदृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। किसी ने उक्त व्यक्ति की हत्या कर शव को बोरी में बांधकर नदी में फेंक दिया और वह बहता हुआ हिनौता घाट पहुंच गया। जानकारी लगते ही पथरिया थाना प्रभारी रजनी शुक्ला, जेरठ चौकी प्रभारी सहित राकेश पाठक मौके पर पहुंचे और छानबीन शुरू कर दी। एफएसएल टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।