मध्यप्रदेश के दमोह जिले में नीलगाय का शिकारी गिरफ्तार हुआ है। बुधवार तड़के 4 बजे वन अमले ने कार्रवाई की है। शिकारी के पास से 60 किलो मांस भी जब्त किया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक दमोह जिले के वन परिक्षेत्र सगोनी अंतर्गत बीट कोटा मगरा में नीलगाय का शिकार करने वाले शिकारी को मांस सहित वन अमले ने पकड़ा है। बुधवार सुबह 4 बजे गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की गई। वन अमले ने बताया कि नीलगाय का शिकार कर पटेरा ले जाते वक्त बंजरया नाले पर ग्राम कोटा में आरोपी रमेश सेन निवासी पटेरा को 60 किलो मांस एवं बाइक सहित पकड़ा है। पकड़े गए आरोपी ने बताया कि मेरे साथ शिकार करने में और भी लोग शामिल हैं, जो भाग गए। वनकर्मी फरार शिकारियों की तलाश कर रही है। वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।