Bhopal: मध्य प्रदेश कांग्रेस कार्यालय
- फोटो : फाइल फोटो
कांग्रेस मध्य प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारी में जुट गई है। कमलनाथ ने पूर्व अध्यक्षों को बुधवार को डिनर पर बुलाया है। इसे प्रदेश अध्यक्ष की पार्टी में वरिष्ठ नेताओं के साथ समन्वय बनाने की पहल बताया जा रहा है। कमलनाथ की डिनर डिप्लोमेसी पर गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने तंज कसा है।
मध्य प्रदेश कांग्रेस कई धड़ो में बंटी हुई है। पिछले दिनों पार्टी के नेताओं में मनमुटाव भी सामने आया था। अब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ ने पार्टी के नेताओं को एक साथ लाने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। इसके तहत ही कमलनाथ ने अपने पूर्व अध्यक्षों को बुधवार को डिनर पर बुलाया है। इससे सभी को एक साथ लाकर चुनाव में पूरी ताकत झोंकने की कोशिश की जाएगी। कमलनाथ की इस डिनर पॉलिटिक्स पर गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने तंज कसा है कि अब कमलनाथ के पास बताने को कुछ भी नहीं बचा है। उन्होंने कहा कि जो हाईकमान से सीखकर आए है, वह इस बैठक में बताएंगे।
जो जनता से नहीं सीखें, उनको पीके सिखाएंगे
गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने मप्र में कांग्रेस के साथ पीके (प्रशांत किशोर) के आने की अटकलों पर कहा कि पीके आया तो इस बार कांग्रेस को लिटाकर जाएगा। उन्होंने कहा कि कमलनाथ की बात है तो उनके बारे में क्या कहूं, जो जनता से नहीं सीखे,अब उन्हें पीके सिखाएंगे।
कमलनाथ जी, भजन की उम्र में गजल गाना ठीक नहीं
नरोत्तम मिश्रा ने कमलनाथ के अधिकारियों कर्मचारियों को बीजेपी का बिल्ला लेकर घूमने के आरोप पर कहा कि कमलनाथ जी की आशीर्वाद देने की उम्र है। वे इस उम्र में कर्मचारियों को धमकी दे रहे हैं। यह ठीक नहीं है। भजन की उम्र में गजल गाना ठीक नहीं होता।