गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा
- फोटो : सोशल मीडिया
मध्य प्रदेश के खरगोन में रामनवमी के जुलूस पर पथराव के बाद भड़की हिंसा को लेकर पुलिस ने 154 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वीडियो फुटेज के आधार पर दंगाइयों की पहचान की है। पुलिस ने एसपी सिद्धार्थ चौधरी पर गोली चलाने वाले की भी पहचान कर ली है। गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने बताया कि वसीम नाम के शख्स ने एसपी पर गोली चलाई थी।
गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने बुधवार को कहा कि खरगोन हिंसा की घटना में वीडियो फुटेज से दंगाइयों की पहचान की जा रही है। अब तक 154 लोग गिरफ्तार किए जा चुके है। दो लोग मोहसिन और नवाज पर रासुका लगाया गया है। मोहसिन पर 10 और नवाज पर 8 आपराधिक केस पहले से दर्ज है। खरगोन एसपी पर गोली चलाने वाले शख्स की भी पहचान कर ली गई है। उसका नाम वसीम है। उन्होंने बताया कि एक पान की दुकान चलाने वाले शख्स को इंदौर से गिरफ्तार किया गया है। वह वीडियो में पथराव करते दिख रहा है। उसके आधार पर उसकी पहचान कर कार्रवाई की गई। खरगोन में रामनवमी के जुलूस में पथराव के बाद हिंसा भड़क गई थी। इसके बाद शहर के अलग-अलग इलाके में आगजनी की घटनाएं भी हुई। वहीं, हिंसा में एक युवक की मौत समेत एसपी और कई लोग घायल हुए।
दंगाई समाज के दुश्मन है, उन्हें किसी से जोड़ना सही नहीं
नरोत्तम मिश्रा ने दिल्ली में दंगाइयों के अवैध कब्जों पर बुलडोजर चलाने के सवाल पर कहा कि जो लोग समाज में शांति भंग करते हैं, वह समाज के दुश्मन है। उन लोगों को किसी जाति से नहीं जोड़ना चाहिए। उन्हें दंगाई ही कहना चाहिए। अतिक्रमण करने वाले हो, दंगाई हो, उनके साथ वही सलूक होना चाहिए, जो हो रहा है।