छिंदवाड़ा के मंगेश यादव को आरसीबी ने खरीदा है।
- फोटो : instagram
आईपीएल 2026 के मिनी ऑक्शन ने इस बार मध्यप्रदेश को बड़ी सौगात दी है। छिंदवाड़ा जिले के छोटे से गांव बोरगांव से निकलकर मंगेश यादव ने करोड़ों की छलांग लगाई है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने मंगेश को 5 करोड़ 20 लाख रुपए में खरीदकर अपनी टीम में शामिल किया है। इस खबर के बाद जिले से लेकर गांव तक जश्न का माहौल है।
मध्यप्रदेश को मिला नया IPL चेहरा
आईपीएल ऑक्शन में जैसे ही मंगेश यादव का नाम पुकारा गया, बोली तेजी से बढ़ती चली गई। आखिरकार RCB ने बड़ी रकम खर्च कर उन्हें अपनी टीम में शामिल किया। यह छिंदवाड़ा ही नहीं, बल्कि पूरे मध्यप्रदेश के क्रिकेट के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
ये भी पढ़ें-
इंदौर के वेंकटेश अय्यर आरसीबी के, सात करोड़ में खरीदा, पिछली बार 23 करोड़ में बिके थे
संघर्ष से सफलता तक का सफर
मंगेश यादव ने क्रिकेट की बुनियादी शिक्षा छिंदवाड़ा के इंदिरा गांधी क्रिकेट मैदान से हासिल की। सीमित संसाधनों के बीच लगातार मेहनत करते हुए उन्होंने जबलपुर संभाग की टीम में जगह बनाई और अपने प्रदर्शन से चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा। आईपीएल तक पहुंचना उनके वर्षों के संघर्ष का परिणाम है।
ट्रक ड्राइवर का बेटा, करोड़ों का खिलाड़ी
मंगेश के पिता राम अवध यादव पेशे से ट्रक ड्राइवर हैं। बेटे के सपनों को पूरा करने के लिए उन्होंने हरसंभव सहयोग किया। मंगेश ने 12वीं तक की पढ़ाई बोरगांव गांव से की और बाद में छिंदवाड़ा के यूटू फिटनेस क्लब से क्रिकेट का अभ्यास जारी रखा। आज वही मेहनत रंग लाई है।
गांव में मिठाइयां, बधाइयों का तांता
RCB में चयन की खबर मिलते ही बोरगांव गांव में मिठाइयां बांटी गईं। खेलप्रेमियों का कहना है कि मंगेश यादव की यह सफलता ग्रामीण प्रतिभाओं के लिए मिसाल बनेगी। छिंदवाड़ा ने एक बार फिर साबित कर दिया कि छोटे शहरों से भी बड़े खिलाड़ी निकल सकते हैं।