व्यवसायी का लाखों का नुकसान होते-होते बचा। (सांकेतिक फोटो)
- फोटो : सोशल मीडिया
अगर आप कहीं जाने के लिए रिक्शा कर रहे हैं तो यह खबर आपके लिए हैं। जब तक पूरी बात तय न हो जाए तब तक संभलकर रहें, कहीं ऐसा न हो कि आपके साथ कोई घटना घट जाए। दिल्ली के व्यापारी के साथ इंदौर में ऐसा ही कुछ ऐसा ही हुआ जिसने उसकी सांसे ऊपर-नीचे कर दी।
दिल्ली में रहने वाले ऑटोमोबाइल व्यवसायी सुरेश कतियाल काम के सिलसिले में इंदौर पहुंचे थे। गुरुवार रात को उन्हें विमान से दिल्ली निकलना था। इसके चलते गुरुवार शाम को उन्होंने एयरपोर्ट जाने का सोचा और इसके लिए ऑटो बुक किया। ऑटो चालक ने उनको पहले तो पेट्रोल पंप के पास बुलाया और बाद में कह दिया कि मंदिर के पास आना। इस पर सुरेश बताए गए स्थान पर पहुंचे और ऑटो चालक से बात की। सबकुछ तय हो रहा था कि अचानक ऑटो चालक ने कहा कि बुकिंग निरस्त कर दी है। वह नहीं जा सकेगा। इतनी बातचीत के दौरान सुरेश ने अपना बैग ऑटो में रख दिया था क्योंकि उनको लग रहा था कि सबकुछ तय है। इसी बीच दूसरी बुकिंग होने की बात कहकर ऑटो चालक वहां से चला गया।
घबराकर पहुंचे पुलिस के पास
सुरेश ने जब खुद का बैग नहीं पाया तो घबरा गए। उन्हें कुछ समझ नहीं आया। वे ऑटो चालक को फोन करते रहे लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। बैग में दो लाख रुपए नकद सहित लैपटॉप व अन्य सामान रखा था। घबराए हुए सुरेश छोटी ग्वालटोली थाना पहुंचा और पुलिस को घटना बताई। पुलिस ने ऑटो चालक के नंबर पर बात की और थाने बुलाया। ऑटो चालक ने कहा कि वह सवारी लेकर देवगुराडिय़ा आ गया है। पुलिस लगातार उसके संपर्क में रही और बाद में वह थाने पहुंचा। ऑटो में बैग रखा हुआ था। ऑटो चालक ने कहा कि उसको दूसरी सवारी मिल गई थी इसलिए वह चला गया। उसे नहीं पता था कि बैग ऑटो में रखा है। दूसरी सवारी बैठी तो बैग सीट से उठाकर पीछे रख दिया। उसने व्यवसायी से इसके लिए माफी भी मांगी। व्यवसायी ने बैग खोलकर देखा तो उसमें सब सामान रखा हुआ था। इसके बाद व्यवसायी की जान में जान आई।