मुख्यमंत्री मोहन यादव 29 अगस्त को बालाघाट के लांजी क्षेत्र के दौरे पर रहेंगे। वे मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत लोगों से संवाद करने के साथ बीमारी से प्रभावित परिवारों से मुलाकात करेंगे और छात्रावास व उत्कृष्ट विद्यालय का निरीक्षण करेंगे।
मुख्यमंत्री मोहन यादव शनिवार को बालाघाट जिले के लांजी दौरे पर रहेंगे। यहां वे मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत स्थानीय लोगों और प्रबुद्धजनों से संवाद करेंगे। मुख्यमंत्री लांजी के पास स्थित कोरका और बोंदारी गांवों में बीमारी से प्रभावित परिवारों से भी मुलाकात करेंगे। मुख्यमंत्री लांजी में कन्या छात्रावास और उत्कृष्ट विद्यालय का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद उत्कृष्ट विद्यालय में प्रबुद्धजनों और मीडिया प्रतिनिधियों से बातचीत करेंगे। इस दौरान क्षेत्र की स्थानीय समस्याओं और विकास से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा होने की संभावना है।
मुख्यमंत्री 29 अगस्त की सुबह 8:40 बजे इंदौर से विमान से रवाना होंगे और करीब 9:50 बजे बिरसी-गोंदिया हवाई पट्टी पहुंचेंगे। यहां से वे सड़क मार्ग से लांजी के लिए रवाना होंगे और करीब 10:00 बजे यात्रा शुरू करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री कोरका जाएंगे। वे करीब 11:20 बजे कोरका पहुंचकर स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे और बीमारी से प्रभावित परिवारों से मुलाकात करेंगे। दोपहर में वे वापस लांजी लौटेंगे। बता दें बालाघाट में मोहन सरकार को चौथा जनविश्वास अभियान हैं। इससे पहले छिंदवाड़ा, बड़वानी और टीकमगढ़ में जनविश्वास अभियान के तहत मुख्यमंत्री ने जनता के बीच पहुंचकर उनसे सीधा संवाद किया। साथ ही जनता की शिकायतों पर कार्रवाई नहीं करने पर अधिकारियों पर सख्त एक्शन भी लिए।