पुलिस ने महिला और उसके पुराने आशिक को गिरफ्तार कर लिया है।
- फोटो : अमर उजाला
अवैध संबंधों के चक्कर में एक महिला ने दूसरी महिला की जान ले ली और जिंदगी संवारने के बजाय सलाखों में पहुंच गई। भोपाल के ग्राम गोरागांव में एक युवक की प्रेमिका ने अपने रास्ते का कांटा हटाने के लिए ऐसा खौफनाक कदम उठाया, जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी। प्रेमी की पत्नी के साथ एक ही छत के नीचे रहने से नाराज प्रेमिका ने अपने पुराने आशिक के साथ मिलकर सौतन को बेदर्दी से मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने सूक्ष्म तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज की मदद से इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए मुख्य आरोपी महिला और उसके सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया। महिला की दो दिन पहले तीन दिन पुरानी लाश मिली थी।
रातीबड़ थाना प्रभारी रासबिहारी शर्मा के अनुसार ग्राम गोरागांव में मोनू रैकवार अपनी पत्नी राखी रैकवार और प्रेमिका शशि रैकवार के साथ एक ही मकान में रह रहा था। शशि को अपने प्रेमी की पत्नी का साथ में रहना बिल्कुल रास नहीं आ रहा था। अवैध संबंधों को बिना किसी रुकावट के जारी रखने के लिए शशि ने अपने पुराने आशिक नरेंद्र के साथ मिलकर राखी को रास्ते से हटाने का षड्यंत्र रचा। 23 अगस्त 2026 को जब मोनू काम पर चला गया, तब योजना के मुताबिक शशि ने अपने पुराने आशिक नरेंद्र को घर बुलाया। दोनों ने मिलकर राखी पर हमला बोल दिया। शशि ने राखी का मुंह दबाया और नरेंद्र ने उसके गले पर दुपट्टे से कसकर फंदा लगा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
ये भी पढ़ें-
नकली आईएएस तृप्ति का कारनामा: टूरिज्म का रिसोर्ट लीज पर दिलाने के नाम पर 39 लाख ठगे, भाई सहित चार लोगों पर केस
खंडहर में छिपाया शव, इटारसी से पकड़ा गया आरोपी
हत्या को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपियों ने साक्ष्य मिटाने की नीयत से राखी की लाश को बगल में बने एक खंडहरनुमा मकान में चादर से ढंककर छिपा दिया। वारदात के बाद आरोपी नरेंद्र मौके से फरार हो गया। पुलिस को सूचना मिलने पर जब शव बरामद हुआ और शॉर्ट पीएम रिपोर्ट आई, तो प्रथम दृष्टया मामला हत्या का पाया गया। थाना स्तर पर चार अलग-अलग टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों का सूक्ष्म अवलोकन करने के बाद आरोपी महिला शशि रैकवार (23) को उसके निवास गोरागांव से और सहयोगी आरोपी नरेंद्र रैकवार (27) को इटारसी से गिरफ्तार कर लिया। नरेन्द्र के खिलाफ इटारसी तथा छोला थाने में पूर्व से मामले दर्ज हैं।